उत्तरकाशी – जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों पर जनपद के विकासखण्ड डुंडा में महान स्वतंत्रता सेनानी और जननायक भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। डुंडा ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित मुख्य समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और ‘जल, जंगल, जमीन’ की रक्षा के लिए उनके द्वारा किए गए संघर्षों को याद किया। समारोह का मुख्य उद्देश्य देवभूमि के युवाओं और जनजातीय समुदाय को उनके गौरवशाली इतिहास और ‘धरती आबा’ के बलिदान से परिचित कराना था।
गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने कहा बिरसा मुंडा साहस के प्रतीक थे, जिन्होंने आदिवासी समुदाय के पैतृक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने भगवान बिरसा मुंडा के त्याग और बलिदान को याद करते हुए युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर डुंडा विकासखंड में जनजातीय संस्कृति और सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं पर केंद्रित एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। स्थानीय छात्रों ने बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना का संचार किया।

Recent Comments