देहरादून: उत्तराखंड कांग्रेस के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल आज पार्टी मुख्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे। रविवार को होने वाले इस कार्यक्रम में कांग्रेस हाईकमान से लेकर प्रदेश के प्रमुख नेता बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे। पार्टी की राष्ट्रीय प्रभारी कुमारी शैलजा, दोनों सह-प्रभारी, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत सहित कई वरिष्ठ नेता मौके पर शिरकत करेंगे।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पदभार ग्रहण समारोह को लेकर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे विधायक लखपत बुटोला ने बताया कि गोदियाल के अध्यक्ष बनने से न सिर्फ कार्यकर्ताओं में बल्कि आम लोगों में भी नया उत्साह देखने को मिल रहा है। उनके अनुसार, नीति—माणा से लेकर धारचूला तक, उत्तरकाशी से लेकर नारसन तक हजारों समर्थक देहरादून पहुंच रहे हैं ताकि नए अध्यक्ष का स्वागत कर सकें।
बुटोला ने बताया कि निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा आज औपचारिक रूप से गोदियाल को जिम्मेदारी सौंपेंगे। गोदियाल दिल्ली से जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे, जहां से भानियावाला, डोईवाला, मियांवाला, जोगीवाला होते हुए रिस्पना पुल तक उनके स्वागत के लिए भव्य इंतजाम किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि आगामी 2026 के चुनाव में जनता वर्तमान सरकार से नाराज़ है और कांग्रेस के प्रति भरोसा बढ़ रहा है। यही कारण है कि पदभार ग्रहण कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में असाधारण जोश नजर आ रहा है। कांग्रेस मुख्यालय की ओर से सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को फोन के माध्यम से व्यक्तिगत आमंत्रण भेजे जा रहे हैं। महिला कांग्रेस भी कार्यक्रम की तैयारी में जुटी है। प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने शनिवार को बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
कार्यक्रम से पहले गणेश गोदियाल दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की और आगामी रणनीतियों पर विचार-विमर्श किया।

Recent Comments