एसएसपी के निर्देश पर सीमाओं से लेकर शहर तक पुलिस का कड़ा पहरा
धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चला सघन तलाशी अभियान, बाहरी राज्यों से आने वालों की हो रही विशेष निगरानी
देहरादून। देश की राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई आतंकी गतिविधि की धमक अब उत्तराखंड की राजधानी तक महसूस की जा रही है। दिल्ली की घटना के मद्देनजर दून पुलिस पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में आ गई है। पुलिस मुख्यालय से मिले निर्देशों के बाद शनिवार को एसएसपी देहरादून के आदेश पर जिले भर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई। पुलिस ने नगर से लेकर देहात तक एक विशेष और सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिससे सुरक्षा का एक मजबूत घेरा तैयार किया जा सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। शनिवार को दिनभर चले इस अभियान के दौरान जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों (COs) ने अपने-अपने इलाकों में मोर्चा संभाला। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने सीमाओं पर स्थित चेक पोस्टों, शहर के आंतरिक मार्गों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सघन तलाशी ली।

इस अभियान के दौरान पुलिस का खास फोकस बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों और व्यक्तियों पर रहा। पुलिस टीमों ने सीमावर्ती इलाकों में बैरिकेडिंग कर आने-जाने वाले वाहनों को रुकवाकर उनकी तलाशी ली। साथ ही, बाहरी राज्यों के नंबर प्लेट वाले वाहनों में सवार लोगों से पूछताछ की गई और उनका सत्यापन (Verification) किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा के लिहाज से किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
एसएसपी कार्यालय के अनुसार, आतंकवादी और आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर वहां गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं है, बल्कि सुरक्षा मानकों को पुख्ता करने के लिए यह कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।

Recent Comments