देहरादून। प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्त्रियों की लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर चल रहे आंदोलन को अब विभिन्न ब्लॉकों से लगातार समर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में आज 24 नवंबर 2025 को कालसी ब्लॉक अध्यक्ष कृतना शर्मा अपनी पूरी परियोजना की आंगनबाड़ी बहनों के साथ धरना स्थल पर पहुँचीं, जहां उन्होंने आंदोलन को पूरा समर्थन देने का ऐलान किया। उनके पहुंचने से आंदोलनरत कार्यकर्त्त्रियों में उत्साह देखा गया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व उत्तराखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने सरकार द्वारा लगातार हो रही अनदेखी के खिलाफ प्रेस वार्ता कर 14 नवंबर से अनिश्चितकालीन धरना और क्रमिक अनशन शुरू करने की घोषणा की थी। संगठन का कहना है कि सरकार और विभाग दोनों ही उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से नहीं ले रहे, जबकि कार्यभार दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष सुशीला खत्री ने आज कालसी ब्लॉक की सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्त्त्रियों को एकजुट होकर समर्थन देने के लिए हृदय से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर से मिल रहा यह सहयोग आंदोलन को और मजबूत बना रहा है तथा सरकार को संकेत दे रहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्त्रियाँ अब अपने अधिकारों के लिए निर्णायक लड़ाई लड़ने को तैयार हैं।

सुशीला खत्री ने कहा कि “हमारी बहनें जिस एकजुटता के साथ मैदान में उतरी हैं, वह इस आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार को अब यह समझना होगा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और बढ़ता शोषण उन्हें स्वीकार नहीं। जब तक हमारी जायज़ माँगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा।”
संगठन के अनुसार, आने वाले दिनों में और भी ब्लॉकों एवं जिलों की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्त्रियाँ आंदोलन स्थल पर पहुंचेंगी, जिससे संघर्ष को और तेज़ी मिलने की संभावना है।

Recent Comments