देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में देहरादून का रायफल क्लब फंड अब जरूरतमंद और असहाय लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण बन गया है। शनिवार को डीएम ने रायफल फंड से 1.75 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान कर 7 असहाय, विधवा, अक्षम और बीमार लोगों को 25-25 हजार रुपये के चैक वितरित किए, जिससे उनके इलाज, स्वरोजगार और जीवनयापन में मदद मिली है।
कैंसर पीड़ित रेनू सिंह और जुनतारा देवी को इलाज के लिए फौरी सहायता, जबकि विधवा शोभा रावत, सुशीला देवी, सुरभि, पूजा देवी और शकुंतला देवी को आर्थिक संकट से उबारने के लिए सहायता दी गई। इस फंड का उपयोग पहली बार जिले में वंचित, निर्धन और निर्बल वर्ग की मदद के लिए किया जा रहा है।
रायफल क्लब फंड मूलतः शस्त्र लाइसेंस से जुड़े लेनदेन से प्राप्त राशि से संचालित होता है, जिसका जिलाधिकारी ने सेवा के हथियार में बदलते हुए अब तक 15 लाख रुपये 43 असहाय लाभार्थियों को वितरित किए हैं। इनमें वृद्ध, दिव्यांग, विधवा, कैंसर-मरीज, बच्चों की शिक्षा या किसी विशेष जरूरत के लिए त्वरित सहायता शामिल है।


जिलाधिकारी बंसल ने बताया कि प्रशासन की कोशिश है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार वंचित वर्ग को चिन्हित कर सीएसआर, रायफल फंड और अन्य स्रोतों से मदद दी जाए, ताकि कोई भी जरूरतमंद सहायता से वंचित न रहे।
रायफल क्लब फंड ने साबित कर दिया है कि सरकारी संसाधनों के रचनात्मक उपयोग से समाज के कमजोर वर्ग की मुश्किलें काफी हद तक कम की जा सकती हैं।
ज्ञातब्य है कि राइफल क्लब वर्ष 1959 से संचालित है जिसमें नये शस्त्र लाइसेंस, लाइसेंस पंजीकरण, नवीनीकरण, शस्त्र लाइसेंस सीमा विस्तार, गन लाइसेंस की टीएल/एनओसी, शस्त्र विक्रय अनुमति, शस्त्र लाइसेंस श्रेणी परिवर्तन, शस्त्र क्रय करने की समयावधि बढ़ाने आदि के लिए राइफल फंड में अनुदान लिया जाता है। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी कपिल कुमार सहित अधिकारी कार्मिक उपस्थित रहे।


Recent Comments