उत्तराखंड क्रांति दल ने दिवाकर भट्ट की स्मृति में श्रद्धांजलि यात्रा का किया ऐलान

‘अधूरे सपनों को पूरा करने का लिया संकल्प’

देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने राज्य आंदोलन के अग्रणी नेता स्वर्गीय दिवाकर भट्ट की स्मृति को समर्पित एक विशाल श्रद्धांजलि यात्रा का ऐलान किया है। यह यात्रा 1 दिसंबर से शुरू होकर 6 दिसंबर, 2025 तक राज्य के दोनों मंडलों (गढ़वाल और कुमाऊं) में निकाली जाएगी।

पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती ने सोमवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब, देहरादून में आयोजित एक प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी देते हुए कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य नई पीढ़ी को स्वर्गीय भट्ट के अद्भुत साहस, उनके योगदान और उनके संघर्षों की गाथा से रूबरू कराना है।

‘खेठ पर्वत की ऊंचाई और श्री यंत्र की गहराई जैसा था संघर्ष’

श्री कुकरेती ने दिवाकर भट्ट के जीवन संघर्ष को याद करते हुए कहा, “उन्होंने खेठ पर्वत की ऊंचाई और श्री यंत्र की गहराई जैसा संघर्ष किया। एक साधारण व्यक्ति से लेकर फील्ड मार्शल बनने तक के उनके सफर की कहानी को हम इस यात्रा के माध्यम से घर-घर तक पहुंचाएंगे। राज्य आंदोलन में उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।”

उन्होंने आगे बताया कि दिवाकर भट्ट ने उत्तर प्रदेश और केंद्र सरकार से सीधी लड़ाई लड़ी, जिसके चलते वह तत्कालीन सरकारों के निशाने पर आ गए थे। उन पर “देखते ही गोली मारने के आदेश” तक जारी किए गए थे।

‘यात्रा अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प है’

कुकरेती ने जोर देकर कहा कि यह श्रद्धांजलि यात्रा केवल दिवाकर भट्ट को समर्पित नहीं है, बल्कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए एक संकल्प यात्रा है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य राष्ट्रीय पार्टियों से उत्तराखंड को बचाने के लिए युवाओं को लामबंद करना है। यह जानना जरूरी है कि एक ठेठ पहाड़ी व्यक्ति ने कैसे राज्य निर्माण का संपूर्ण आंदोलन खड़ा किया।”

शहीदों के विचारों और योगदान को किया याद

यूकेडी अध्यक्ष ने यह भी घोषणा की कि पार्टी निकट भविष्य में एक और व्यापक कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस कार्यक्रम में राज्य आंदोलन की अन्य महान विभूतियों जैसे स्व. इंद्रमणि बडोनी, स्व. डी.डी. पंत, स्व. जसवंत सिंह बिष्ट, स्व. विपिन चंद्र त्रिपाठी, स्व. बी.डी. रतूड़ी, स्व. त्रिवेंद्र सिंह पवार और स्व. दिवाकर भट्ट के योगदान और विचारों को शामिल किया जाएगा।

उन्होंने दावा किया, “हम उत्तराखंड में उत्तराखंड के लोगों की सरकार बनाने के लिए वचनबद्ध हैं।”

इस प्रेस वार्ता में पार्टी के वरिष्ठ नेता जयप्रकाश, उपाध्यक्ष पंकज व्यास, केंद्रीय महामंत्री गणेश कला, मीनाक्षी घिल्डियाल और ललित बिष्ट सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

वार्ता का संचालन पार्टी के मीडिया प्रभारी अनिल थपलियाल ने किया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments