मुख्यमंत्री धामी ने शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहस्त्रधारा रोड स्थित एक होटल में आयोजित उत्तराखंड अनन्य सम्मान कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया और उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।

मुख्यमंत्री धामी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि शहीदों के परिजनों का संघर्ष, पीड़ा और देशभक्ति हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को वीरभूमि भी कहा जाता है, जहाँ लगभग प्रत्येक परिवार का कोई न कोई सदस्य सेना या अर्धसैनिक बलों से जुड़ा है। “उत्तराखंड के वीर सपूतों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी है, यह बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा,” मुख्यमंत्री ने कहा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वे स्वयं एक फौजी के बेटे हैं, इसलिए शहीदों और उनके परिजनों के प्रति उनके मन में विशेष संवेदनशीलता और सम्मान की भावना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने शहीदों के आश्रितों को मिलने वाली अनुग्रह राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया है।

उन्होंने यह भी कहा कि सेना में परमवीर चक्र से लेकर मेन्सन-इन-डिस्पैच तक सभी वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों को दी जाने वाली एकमुश्त एवं वार्षिक धनराशि में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। बलिदानियों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी सेवा में समायोजन का निर्णय लिया गया है, साथ ही नौकरी के लिए आवेदन की अवधि 2 वर्षों से बढ़ाकर 5 वर्ष कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में बलिदानियों के आश्रितों के लिए नौकरी पूर्व प्रशिक्षण, पुत्री विवाह अनुदान सहित कई योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिकों और पूर्व सैनिकों के लिए सरकारी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी जा रही है। इसके अलावा सेवारत और पूर्व सैनिकों को 25 लाख रुपये तक की संपत्ति क्रय पर स्टाम्प ड्यूटी में 25 प्रतिशत की छूट प्रदान की जा रही है। वीर नारियों को भी अचल संपत्ति खरीदने पर समान छूट उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि देहरादून के गुनियाल गांव में भव्य सैन्य धाम का निर्माण तेजी से प्रगति पर है, जो प्रत्येक उत्तराखंडी के लिए आस्था और सम्मान का केंद्र बनेगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा क्षमता के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ रहा है और अब भारत रक्षा सामग्री का निर्यात करने वाले शीर्ष देशों में शामिल हो चुका है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, जी न्यूज के मैनेजिंग एडिटर श्री राहुल सिन्हा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments