राजा राममोहन रॉय अकादमी ने मनाया 75वां ‘हीरक जयंती’ समारोह

देहरादून। राजा राममोहन रॉय अकादमी ने विकास के 75 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को बड़े उत्साह और गरिमा के साथ अपना हीरक जयंती समारोह आयोजित किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर, प्रतिष्ठित पर्यावरणविद् अनूप नौटियाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शोभा बढ़ाई।

मुख्य अतिथि अनूप नौटियाल का स्वागत विद्यालय की प्रधानाचार्या भारती बिश्नोई जी ने किया। दीप प्रज्वलन के बाद, कार्यक्रम की शुरुआत अत्यंत मनमोहक ‘प्रणवालय’ प्रार्थना नृत्य से हुई। प्रधानाचार्या बिश्नोई ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें वर्ष भर की उपलब्धियों और गतिविधियों का विस्तृत विवरण शामिल था।
प्रधानाचार्या ने इस अवसर पर सभी अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को बधाई दी और विद्यालय की इस वर्ष की थीम ‘धरोहर’ पर प्रकाश डालते हुए कहा, “हमारा पर्यावरण हमारी धरोहर है, जिसे संरक्षित करना हम सबका कर्तव्य है।”

मुख्य अतिथि श्री नौटियाल के कर-कमलों द्वारा मेधावी छात्रों को पारितोषिक वितरित किए गए।

  • स्कॉलास्टिक ट्रॉफी और वॉलीबॉल ट्रॉफी पर सतपुड़ा सदन ने कब्जा किया।
  • विंध्य सदन को शतरंज और क्रिकेट में सफलता मिली।
  • सर्वाधिक प्रतिष्ठित कॉक हाउस ट्रॉफी इस वर्ष शिवालिक सदन को प्रदान की गई।

विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अनूप नौटियाल जी को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने अकादमी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह बहुत ही सुखद पहलू है कि आज मैं यहां बतौर मुख्य अतिथि आमंत्रित किया गया। देश को न जाने कितने महान लोग देने का सिलसिला राजा राम मोहन रॉय अकादमी में इसी तरीके से जारी रहेगा। देश का भविष्य स्कूलों से निकलता है, और हमें इन स्कूलों का आभारी रहना चाहिए जो न सिर्फ शिक्षा बल्कि छात्र-छात्राओं को संस्कार भी दे रहे हैं।”

कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए छात्रों के बैंड ने सुंदर गीतों की प्रस्तुति दी। समारोह का मुख्य आकर्षण ‘होप फॉर द अर्थ’ नामक नृत्य नाटिका रही। 300 से अधिक विद्यार्थियों ने इस भाव-विभोर कर देने वाली प्रस्तुति में भाग लिया, जिसका उद्देश्य पर्यावरण की रक्षा और देहरादून के वातावरण को भारी नुकसान से बचाने की मुहिम में अग्रणी बनने हेतु समाज को जागृत करना था। इस नाटिका में नदी, वन, बाग-बगीचे और पर्वत श्रृंखलाओं का अत्यंत रोचक ढंग से नृत्य द्वारा प्रस्तुतीकरण किया गया।

विद्यालय की मुख्य छात्रा के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। पर्यावरण संरक्षण की भावना को बढ़ावा देने के लिए दिन की पूर्णाहुति दृश्य श्रव्य पटाखे बाजी (Visual and Sound effects without actual pollution) के साथ हुई। इस महत्वपूर्ण दिवस पर राजा राममोहन राय अकादमी के प्रबंधक वर्ग, देहरादून के विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, विशिष्ट अतिथि गण, अभिभावकवर्ग, शिक्षक गण, भूतपूर्व छात्रों की टोली व समस्त सदस्य उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments