देहरादून। घरेलू सामान की डिलीवरी करने की आड़ में नशा तस्करी का खुलासा करते हुए दून पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लगभग ₹9 लाख मूल्य की 29.94 ग्राम अवैध स्मैक और 158 ग्राम चरस बरामद की गई है। गिरफ्तार दो आरोपी प्रसिद्ध डिलीवरी प्लेटफॉर्म Blinkit में डिलीवरी बॉय का काम करते थे।
एसएसपी देहरादून की ओर से दिए गए विशेष निर्देशों के तहत खाद्य एवं घरेलू सामान डिलीवर करने वाले डिलीवरी बॉयज़ की आकस्मिक चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली रायवाला पुलिस टीम ने 8 दिसंबर की रात अलग-अलग स्थानों से तीन व्यक्तियों — फुजैल पुत्र जिशान, वसीम पुत्र मौ. आदिल और अजय उर्फ मोनू पुत्र शमशेर — को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, फुजैल और वसीम Blinkit कंपनी में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते थे और घरेलू सामान की डिलीवरी के दौरान स्मैक की तस्करी करते थे। जांच में सामने आया कि दोनों ने सुल्तानपुर चिलकाना निवासी इलियास नामक व्यक्ति से सस्ते दामों में स्मैक खरीदी थी, जिसे वे स्थानीय युवाओं और कॉलेज छात्रों को महंगे दामों पर बेचने जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें चेकिंग के दौरान धर दबोचा।
तीसरा आरोपी अजय उर्फ मोनू हरिद्वार में वेटर का काम करता है। उसने कबूल किया कि वह चरस कुरुक्षेत्र से खरीदकर बाबा लोगों को ऊँचे दामों पर बेचने की फिराक में था। अजय पहले भी हरिद्वार में चोरी के मुकदमे में जेल जा चुका है।
तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस टीम में व.उ.नि. मनवर सिंह नेगी, उ.नि. आदित्य सैनी, उ.नि. कुशाल सिंह रावत समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
एसएसपी देहरादून ने बताया कि मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि 2025” विजन को साकार करने के लिए पुलिस निरंतर अभियान चला रही है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि अपने-अपने क्षेत्र में डिलीवरी एजेंसियों और संदिग्ध कर्मियों की नियमित चेकिंग करें ताकि मादक पदार्थों की तस्करी पर पूर्ण विराम लगाया जा सके।

Recent Comments