राज्यपाल ने सुनीं कार्मिकों की समस्याएं, उत्कृष्टता के लिए किया सम्मानित
देहरादून : लोक भवन देहरादून में आज “परिवार मिलन समारोह” का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और प्रथम महिला गुरमीत कौर ने राजभवन परिवार के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों के साथ हिस्सा लिया।
इस मौके पर राज्यपाल ने कर्मचारियों की व्यक्तिगत और कार्यालय संबंधी समस्याएं विस्तार से सुनीं और उनके त्वरित तथा प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया। राज्यपाल द्वारा यह परिवार मिलन कार्यक्रम हर छह माह में आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य राजभवन में कार्यरत कार्मिकों की समस्याओं को गंभीरता से संज्ञान में लेकर उनका समाधान करना है।
राज्यपाल ने उपस्थित सभी परिवारजनों का स्वागत करते हुए कहा कि राजभवन केवल एक प्रशासनिक स्थल नहीं, बल्कि एक परिवार है, जो “हम” की भावना से जुड़े हुए हैं। उन्होंने जोर दिया कि राजभवन की वास्तविक शक्ति इसके अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन हैं। उन्होंने कर्मचारियों के साथ-साथ उनके जीवनसाथी, माता-पिता और बच्चों को भी इस परिसर की सफलता में समान भागीदार बताते हुए आभार व्यक्त किया।


कार्यक्रम के दौरान, राज्यपाल ने पिछले माह नैनीताल भ्रमण पर राष्ट्रपति के सफल प्रवास के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के भ्रमण के दौरान टीम भावना, समर्पण और समन्वय का श्रेष्ठ उदाहरण पूरे राजभवन परिवार ने प्रस्तुत किया, जिसके लिए पूरा परिवार बधाई का पात्र है। इसी क्रम में, राजभवन में दिए जा रहे वुशु प्रशिक्षण और कंप्यूटर प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को भी सम्मानित किया गया। राज्यपाल ने कहा कि परिसर में स्थापित बालिका आत्मरक्षा केंद्र, कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, योग-ध्यान केंद्र और आरोग्य धाम जैसी सुविधाएं कर्मचारियों के कल्याण के लिए हैं और इनका अधिकतम उपयोग किया जाना चाहिए।
राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि राजभवन परिवार की कार्य-संस्कृति में ईमानदारी, पारदर्शिता, समयबद्धता, संवेदनशीलता और सुशासन सर्वोपरि रहेंगे। उन्होंने कहा कि हर निर्णय और संवाद में जनता का विश्वास झलकना चाहिए ताकि राजभवन की गरिमा बनी रहे।
इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव सहित राजभवन के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

Recent Comments