देहरादून। भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी संजीव तोमर के नेतृत्व में 41 सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री से भेंट कर किसानों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसानों के सभी मुद्दों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
चौधरी संजीव तोमर ने बताया कि संगठन ने सीएम को 31 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा है, जिसमें प्रमुख मांगें — गन्ने के मूल्य को ₹500 प्रति क्विंटल किया जाना और बकाया भुगतान को शीघ्र जारी करना शामिल हैं। साथ ही उन्होंने इकबाल शुगर मील के भुगतान की प्रक्रिया में तेजी लाने की अपील की।

किसानों की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा
तोमर ने कहा कि पहाड़ी जिलों के किसानों को सबसे बड़ी समस्या जंगली जानवरों और हाथियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने की है। ऐसी स्थिति में सरकार को नष्ट फसल का मुआवजा और किसानों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मांग की कि जिन किसानों की जान या संपत्ति को जंगली पशुओं से नुकसान हुआ है, उन्हें भी मुआवजा दिया जाए।
बरसात के मौसम में नदियों द्वारा होने वाले कटाव से फसलों के नष्ट होने की समस्या पर भी वार्ता हुई। इसके साथ ही संगठन ने 10 वर्ष से अधिक समय से उत्तराखंड में रह रहे नागरिकों को राज्य की नागरिकता देने और पर्वतीय किसानों को कृषि यंत्र निशुल्क उपलब्ध कराने की मांग की।
मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि सरकार ज्ञापन की प्रत्येक मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है। उन्होंने बताया कि इकबालपुर नहर में शीघ्र ही पानी छोड़ा जाएगा और संबंधित विभागों को किसानों की समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए जा चुके हैं।

प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख पदाधिकारी
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन त्यागी, राष्ट्रीय सचिव तालीब हसन, उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, युवा विंग प्रदेश अध्यक्ष अंकित चौहान, अल्पसंख्यक प्रदेश अध्यक्ष हाजी मुस्तकीम, कार्यकारिणी प्रदेश अध्यक्ष परविंदर चौधरी, युवा कार्यकारिणी प्रदेश अध्यक्ष सुमित, उपाध्यक्ष कार्यकारिणी प्रदेश प्रभारी अजय त्यागी, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष वीरेंद्र तेवितिया, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव मलिक, प्रदेश सचिव नितिन राठी, प्रदेश मीडिया प्रभारी विकास वालिया, गढ़वाल प्रदेश उपाध्यक्ष मंडल प्रवक्ता चंदन त्यागी, युवा जिला उपाध्यक्ष हनी बालियान, शिवकुमार सैनी, मंडल अध्यक्ष राव तस्लीम, प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र तोमर, युवा कार्यकारिणी पश्चिम प्रदेश अध्यक्ष पारित, उपाध्यक्ष जिला अध्यक्ष संदीप चौहान, जिला अध्यक्ष योगेंद्र तोमर, महिला मोर्चा अध्यक्ष रूबी त्यागी, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष जाबिर, जिला संगठन मंत्री तारीफ, जिला उपाध्यक्ष जूल्फूकार, मीडिया प्रभारी मेहरदिन, महानगर अध्यक्ष गुलशन, ब्लाक सचिव मनवीराज, नगर सचिव आनंद शर्मा, ब्लाक सचिव पंकज धुलिया, वंश चौहान, ब्लाक अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, नगर सचिव इरफान त्यागी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


Recent Comments