देहरादून। राजधानी के लाडपुर स्थित एक निजी अस्पताल में पित्त की थैली के ऑपरेशन के बाद एक युवक की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने सर्जरी के दौरान चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए गुरुवार को अस्पताल परिसर के बाहर बवाल किया। विरोध के दौरान उन्होंने शव को सड़क पर रखकर अस्पताल को सील करने की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी।
सूत्रों के मुताबिक, कांवली रोड निवासी 30 वर्षीय अजय सोनकर को मंगलवार को पित्ताशय (गाल ब्लैडर) की शल्य चिकित्सा हेतु उक्त अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार दोपहर उसका ऑपरेशन हुआ, जिसके लिए वह स्वयं ऑपरेशन थिएटर तक गया था। परिजनों के अनुसार, रात्रि में अस्पताल प्रबंधन ने अचानक उसकी मृत्यु की सूचना दी।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि शल्यक्रिया के दौरान चिकित्सक द्वारा गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके कारण मरीज की स्थिति बिगड़ी और अंततः उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना के बाद परिजन और स्थानीय निवासी रायपुर थाने पहुंचे, जहां उन्होंने संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।

थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि परिजनों की लिखित शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराने के लिए जब परिवार गुरुवार को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचा, तो वहां फिर से हंगामा शुरू हो गया। विरोध करते हुए परिजनों ने मृतक के शव के साथ लाडपुर स्थित निजी अस्पताल लौटकर वहीं सड़क जाम कर दी। उन्होंने अस्पताल की सीलिंग, एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग रखी।
घटनास्थल पर पहुंचे विधायक खजान दास ने लोगों को शांत करने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रहे। सूत्रोंनुसार आरोपों के आधार पर संबंधित चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मृत्यु का सटीक कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। देर शाम तक विरोध प्रदर्शन जारी रहा।

Recent Comments