पिथौरागढ़ । उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि रजत जयंती वर्ष में नैनीसैनी एयरपोर्ट का विस्तार राज्य के विकास का एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने सोमवार को अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान एयरपोर्ट विस्तार कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली।
महाराज ने बताया कि 9 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखंड सरकार और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के बीच नैनीसैनी एयरपोर्ट के अधिग्रहण एवं विकास के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए थे। यह समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में संपन्न हुआ, जो परियोजना के महत्व को दर्शाता है।
पर्यटन मंत्री ने कहा कि एएआई द्वारा एयरपोर्ट का विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा ताकि भविष्य में बड़े विमानों का संचालन संभव हो सके। फिलहाल एयरपोर्ट 70 एकड़ में विकसित है, लेकिन 72 सीटर विमानों के नियमित संचालन के लिए करीब 50 से 53 हेक्टेयर अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता होगी। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में पिथौरागढ़ से दिल्ली के लिए 42 सीटर विमानों की हवाई सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित की जा रही है, जिससे पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों, व्यापारियों, छात्रों और मरीजों को भी सुविधा मिल रही है। एयरपोर्ट के पूर्ण विकास के बाद पिथौरागढ़ सीधे देश के प्रमुख महानगरों से जुड़ सकेगा, जिससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

महाराज ने कहा कि नैनीसैनी एयरपोर्ट का विस्तार केवल पर्यटन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आपदा प्रबंधन में भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। आपातकालीन परिस्थितियों में हवाई संपर्क मजबूत होने से राहत और बचाव कार्यों की प्रभावशीलता बढ़ेगी।
निरीक्षण के बाद मंत्री ने विकास भवन सभागार में आयोजित जनसुनवाई में भाग लिया और जनता की समस्याएं व सुझाव सुने। उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, मेयर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी समेत जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Recent Comments