देहरादून। आगामी क्रिसमस और नववर्ष के मद्देनज़र दून पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारियाँ शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देशन में शहर के प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि त्योहारों के दौरान व्यवस्थित माहौल बनाए रखा जा सके।
बुधवार को एसएसपी देहरादून ने राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों—घंटाघर, दिलाराम चौक, मसूरी डायवर्जन, सर्वे चौक, सहस्त्रधारा क्रॉसिंग और रिस्पना पुल—का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग या अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही करने की चेतावनी भी दी।
एसएसपी ने कहा कि “त्योहारों के अवसर पर नागरिकों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस पूरी तरह सतर्क है और शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।”


Recent Comments