पौड़ी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देशन में जिलेभर में पुलिस द्वारा लगातार जन-जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी एवं राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय श्री इन्द्रमणि बडोनी जी के 100वें जन्मदिवस के अवसर पर पुलिस ने जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
थाना सतपुली, कोतवाली श्रीनगर, थाना पैठाणी एवं थाना लक्ष्मणझूला की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षण संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों व पर्यटक स्थलों पर अध्यापकों, छात्रों, महिलाओं, अभिभावकों व आमजन को सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। कार्यक्रमों में महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव, यातायात नियमों का पालन और नशे के दुष्प्रभाव जैसे विषय शामिल रहे।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर, व्हाट्सएप आदि) पर बढ़ते साइबर अपराधों जैसे बैंक फ्रॉड, ब्लैकमेलिंग, डिजिटल अरेस्टिंग आदि के संबंध में जानकारी देते हुए लोगों को इनसे बचने के व्यावहारिक उपाय बताए। महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों से अवगत कराया गया, वहीं बच्चों को ‘गुड टच-बैड टच’ और जुवेनाइल कानून से संबंधित जानकारी दी गई।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन, अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना समय पर पुलिस तक पहुँचाएं। पर्यटक स्थलों पर पुलिस ने सैलानियों को नशे से दूर रहने, महिला सुरक्षा का सम्मान करने, गंगा तटों की स्वच्छता बनाए रखने और धार्मिक-सांस्कृतिक मर्यादाओं का पालन करने का संदेश दिया।
जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस ने साइबर हेल्पलाइन 1930, डायल 112, नशा उन्मूलन हेल्पलाइन 1933, उत्तराखंड पुलिस ऐप, गौरा शक्ति ऐप और CEIR पोर्टल की जानकारी भी साझा की ताकि नागरिक किसी आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।

Recent Comments