भजन संध्या के साथ 52 कन्याओं का सामूहिक विवाह शुरू

52 दूल्हे एक साथ करेंगे घुड़चढ़ी

देहरादून। श्री श्री बालाजी सेवा समिति द्वारा देहरादून में 16वें सामूहिक शुभ विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष समिति द्वारा 52 जरूरतमंद कन्याओं का विवाह संपन्न कराया जाएगा।

श्री श्री बालाजी सेवा समिति अब तक 467 से अधिक कन्याओं के विवाह सफलतापूर्वक करा चुकी है
इस पावन आयोजन की शुरुआत 26 दिसंबर को वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ हवन-पूजन द्वारा की गई। इसके उपरांत घुड़चढ़ी का कार्यक्रम शनिवार, 27 दिसंबर को दोपहर 3:00 बजे गोपीनाथ से प्रारंभ होगा। बारात दर्शन लाल चौक, घंटाघर, पलटन बाजार, धामावाला बाजार, हनुमान चौक, झंडा बाजार होते हुए सहारनपुर चौक के रास्ते शिवाजी धर्मशाला पहुंचेगी, जहां विश्राम किया जाएगा।
शनिवार को ही सायं 7:00 बजे मेहंदी रस्म का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद 28 दिसंबर 2025 को सामूहिक शुभ विवाह कार्यक्रम संपन्न होगा। विवाह के दिन प्रातः 11:00 बजे बारात का स्वागत किया जाएगा तथा सायं 5:00 बजे विदाई की रस्म संपन्न होगी। सामूहिक विवाह का आयोजन हिन्दू नेशनल इंटर कॉलेज, लक्ष्मण चौक, देहरादून में किया जाएगा।
विवाह कार्यक्रमों के पश्चात भक्ति-भाव से परिपूर्ण कीर्तन का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक उदित अनुभव नारायण ने अपने मधुर भजनों के माध्यम से देवी-देवताओं का भावपूर्ण स्मरण कर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
आयोजक अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि श्री श्री बालाजी सेवा समिति का मुख्य उद्देश्य उन परिवारों की सहायता करना है, जो आर्थिक रूप से अपनी बेटियों का विवाह कराने में असमर्थ हैं। आयोजक श्रवण वर्मा ने बताया कि समिति द्वारा विवाह से संबंधित संपूर्ण खर्च वहन किया जाता है। इसके साथ ही विवाह उपरांत नवदंपतियों को आवश्यक घरेलू सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी प्रदान की जाती हैं, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपने नए जीवन की शुरुआत कर सकें।
इस सामूहिक शुभ विवाह के आयोजन में समिति के प्रमुख पदाधिकारियों एवं आयोजको में अखिलेश अग्रवाल, श्रवण वर्मा, ओ.पी. गुप्ता, संजय अग्रवाल, सचिन गुप्ता, चंद्रेश अरोड़ा एवं मनोज खंडेलवाल—की महत्वपूर्ण भूमिका है, जिनके सहयोग से यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो रहा है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments