मुख्य सचिव ने दिए आपदा प्रबंधन कार्यों की गुणवत्ता व प्रगति की सख्त निगरानी के निर्देश

देहरादून । मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में राज्य आपदा मोचन निधि एवं राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि से संबंधित प्रस्तावों के अनुमोदन हेतु राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों को संस्तुति प्रदान की गई।

मुख्य सचिव ने कहा कि स्वीकृत कार्यों की गुणवत्ता और भौतिक प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग को अनुमोदित प्रस्तावों के तहत जारी फंड्स तथा कार्यों की स्थिति पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागों से एमसीआर फॉर्मेट में प्रगति रिपोर्ट ली जाए।

बर्द्धन ने सिंचाई विभाग को निर्देश दिए कि विभागाध्यक्ष की अध्यक्षता में इंजीनियर्स समिति को सक्रिय किया जाए और सभी तकनीकी तथा वित्तीय पहलुओं की जांच के बाद ही प्रस्ताव भेजे जाएं। उन्होंने बाढ़ सुरक्षा कार्यों के लिए नये नॉर्म्स तैयार करने और कार्यस्थल की स्थिति के अनुसार वेजिटेटिव प्रोटेक्शन वर्क को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव ने देहरादून जिले के अंतर्गत विभिन्न नहर प्रणालियों के सुधार व मजबूतीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए। बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. वी. षणमुगम, विनोद कुमार सुमन, आनंद स्वरूप, अपर सचिव रंजना राजगुरु समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जिलाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments