अंकिता केस: CBI जांच की मांग पर अड़ी कांग्रेस

सीबीआई जांच के आदेश होने तक जारी रहेगा आंदोलन – सूर्यकांत धस्माना

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड की सभी कड़ियां तभी स्पष्ट होंगी, जब पूरे प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट या हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई करेगी। इस मांग को लेकर पूरे प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ता और आम जनता आंदोलित हैं और पार्टी सीबीआई जांच के आदेश होने तक आंदोलन जारी रखेगी। यह बात एआईसीसी सदस्य एवं उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने शनिवार को अपने कैंप कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही।

धस्माना ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण अब पूरे प्रदेश की जनता की भावनाओं का आंदोलन बन चुका है। उन्होंने राज्य और केंद्र की भाजपा सरकारों से अपील की कि वे अपने पार्टी से जुड़े वीआईपी को बचाने के लिए प्रपंच करने और कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी पार्टियों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी व पुतला दहन जैसे कृत्यों से बाज आएं। उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत सीबीआई जांच के आदेश देकर जनभावनाओं का सम्मान करना चाहिए और सच्चाई को सामने आने देना चाहिए।

धस्माना ने कहा, “यह केवल आश्चर्यजनक ही नहीं, बल्कि निंदनीय है और विपक्ष की आवाज दबाने का एक भद्दा प्रयास है कि सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ता अपने नेता के कुकृत्यों के बचाव में विपक्षी दल के पुतले दहन जैसे कार्य कर रहे हैं।”

उन्होंने स्पष्ट किया कि अंकिता को न्याय दिलवाने तक कांग्रेस का आंदोलन बदस्तूर जारी रहेगा। इसके तहत अब प्रदेश के हर जिले, शहर, कस्बे, गांव और गली-गली में “अंकिता भंडारी को न्याय दो” यात्राओं का संचालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि बचाव में प्रपंच करने के बजाय सीबीआई जांच की संस्तुति केंद्र को भेजे।

धस्माना ने जोर देकर कहा कि पारदर्शी और निष्पक्ष जांच के बिना इस मामले में न्याय की उम्मीद नहीं की जा सकती। कांग्रेस पार्टी जनता के साथ खड़ी है और अंतिम न्याय तक संघर्ष जारी रखेगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments