7 साल की मेहनत रंग लाई: 350+ मैच, 24 शतक और 13,000 रन ने दिलाया स्थान
विराट कोहली पार्थ के आइडल, बल्लेबाजी के साथ विकेटकीपिंग में भी माहिर
13 जनवरी को इंदौर रवाना होंगे पार्थ समेत टीम के साथ
देहरादून। राजधानी देहरादून के मियाँवाला क्षेत्र के पार्थ परमार का उत्तराखंड अंडर-14 क्रिकेट टीम में चयन होने से उनके घर में खुशी की लहर दौड़ पड़ी है। परिवार और पड़ोसियों की ओर से बधाई संदेशों की भरमार है।
क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) ने पिछले साल दिसंबर में छिद्दरवाला स्थित आयुष क्रिकेट अकादमी में अंडर-14 ट्रायल आयोजित किए थे। इनमें 20 खिलाड़ियों का चयन हुआ, जिसमें पार्थ परमार बल्लेबाज और विकेटकीपर के रूप में शामिल हैं।
पार्थ के पिता चंद्रपाल सिंह परमार मध्यमवर्गीय परिवार से हैं और मियाँवाला में कन्फेक्शनरी दुकान चलाते हैं। उन्होंने बताया कि पार्थ को बचपन से क्रिकेट का शौक है। 2018 से खेल रहे पार्थ ने अब तक 350 से अधिक मैच खेले हैं, जिसमें 24 शतक और 13,000 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनका चयन परिवार के लिए गौरव का विषय है।
पार्थ विराट कोहली को अपना आदर्श मानते हैं। चयन का श्रेय उन्होंने माता-पिता को दिया, जिन्होंने हमेशा समर्थन दिया। पार्थ ने कहा, “मैं इस मंच पर अच्छा प्रदर्शन कर टीम को जीत दिलाना चाहता हूं और प्रदेश का नाम रोशन करूंगा।”
सीएयू अंडर-14 टीम 13 जनवरी को 15 दिनों के लिए इंदौर रवाना होगी, जहां राजसिंह डूंगरपुर ट्रॉफी खेली जाएगी।
पार्थ में शुरू से था क्रिकेट का जुनून: कोच
हिमालय क्रिकेट अकादमी के कोच विजय सिंह उर्फ बंटू ने बताया कि पार्थ बचपन से क्रिकेट के प्रति समर्पित रहा। उनकी प्रतिभा और मेहनत ने सभी को प्रभावित किया। “यह चयन उसकी लगन का फल है,” उन्होंने कहा।
खेल के साथ पढ़ाई में भी अव्वल: मां
पार्थ की मां पुष्पा परमार ने बताया कि पार्थ राजहंस स्कूल में कक्षा नौ का छात्र है और पढ़ाई पर भी ध्यान देता है। “यह उपलब्धि हमें गर्व देती है,” उन्होंने कहा।

Recent Comments