​एसएसपी देहरादून का मास्टर प्लान: 2025 के आंकड़ों से तय होगा 2026 का सुरक्षा घेरा

देहरादून: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने आज पुलिस कार्यालय में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी की अध्यक्षता करते हुए वर्ष 2025 में घटित अपराधों की सर्किलवार और अपराध श्रेणीवार समीक्षा की। बैठक में अपराधों के अनावरण, संगठनात्मक अपराध, मादक पदार्थों के विरूद्ध कार्रवाई तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर विशेष चर्चा हुई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

एसएसपी ने 107 बीएनएसएस के तहत आपराधिक गतिविधियों में लिप्त अभियुक्तों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर उन पर कुर्की/जब्ती की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। वर्ष 2025 में नेहरू कॉलोनी थाने ने 03 तथा रायपुर थाने ने 02 अभियुक्तों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर 107 बीएनएसएस के अंतर्गत कार्रवाई आरम्भ की है। सभी थाना प्रभारियों को ऐसे अभियुक्तों की सम्पत्तियों का लेखा-जोखा तैयार कर शीघ्र सुनियोजित कार्रवाई करने को कहा गया।

नकबजनी (दरवाज़ा तोड़कर चोरी) मामलों की समीक्षा में बताया गया कि वर्ष 2025 की लंबित फाइलों के कारणों की पड़ताल की गई तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले थानों का उत्साहवर्धन किया गया। वर्ष 2025 में रायपुर थाने ने अपने क्षेत्र की 04 में से 04, पटेलनगर ने 09 में से 09, क्लेमेंटाउन ने 02 में से 02, राजपुर ने 03 में से 03 तथा सहसपुर ने 02 में से 02 नकबजनी घटनाओं का शत-प्रतिशत अनावरण किया।

चेन तथा अन्य स्नैचिंग मामलों में पुलिस ने 96 प्रतिशत मामलों का अनावरण किया। इनमें कैंट थाने ने 04, डालानवाला 01, नेहरू कॉलोनी 10, रायपुर 02, डोईवाला/क्लेमेंटाउन/सेलाकुई प्रत्येक 01-01, ऋषिकेश 02, रानीपोखरी 03 तथा विकासनगर 05 घटनाओं का शत-प्रतिशत अनावरण किया गया।

वाहन चोरी व अन्य चोरी मामलों में भी प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। थाना कालसी ने अपने क्षेत्र की 02 वाहनों की चोरी के दोनों ही मामले अनावरण किए। कोतवाली डोईवाला ने 18 में से 17 एवं सहसपुर ने 07 में से 06 वाहन चोरी के मामलों का अनावरण किया। अन्य चोरी में क्लेमेंटाउन थाने ने अपने क्षेत्र की तीनों घटनाओं का शत-प्रतिशत अनावरण किया।

एनडीपीएस एक्ट के अन्तर्गत प्रभावी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2025 में कुल 328 नशा तस्करों को जेल भेजा गया। थाना सहसपुर ने सर्वाधिक 38 अभियोग पंजीकृत कर 40 नशा तस्करों को तथा नेहरू कॉलोनी ने 30 अभियोग पंजीकृत कर 36 नशा तस्करों को कारागार भेजा। पिट (PIT) एनडीपीएस के तहत 04 मुख्य नशा तस्करों को जिला कारागार में निरुद्ध कराया गया जबकि 09 अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध पिट एनडीपीएस में कार्रवाई प्रचलित है। मादक पदार्थों की तस्करी में लंबे समय से लिप्त 114 आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई और उन पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

संगठित अपराधों के मामले में 31 अभियुक्तों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए, जिनमें से 23 अभियुक्त गिरफ्तार कर जेल भेजे गए तथा शेष कुछ अभियुक्त पुलिस की दबिश के बाद आत्मसमर्पण कर गए। इसके अतिरिक्त 19 आदतन अपराधियों के विरुद्ध गुंडा एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।

यातायात नियंत्रण और नियमों के पालन में भी जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। वर्ष 2025 में यातायात नियमों के उल्लंघन में 2024 की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत अधिक चालानी कार्रवाई की गई। वर्ष 2024 में 1,44,844 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की तुलना में वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़ कर 2,05,224 हो गई। ओवर-स्पीडिंग में 2025 में 8,940 मामलों पर कार्रवाई हुई जबकि 2024 में यह संख्या 1,914 थी (लगभग 400% वृद्धि)। ड्रंक एंड ड्राइव के मामलों में 2025 में 5,308 बनाम 2024 में 2,383, रैश ड्राइविंग में 2,983 बनाम 1,564 तथा ओवरलोडिंग में 1,685 बनाम 993 मामलों पर कार्रवाई की गई, जिससे रोड सुरक्षा के प्रति सख्ती स्पष्ट हुई।

एसएसपी ने समस्त थानों को निर्देश दिए कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए सामूहिक सक्रियता बनाए रखी जाए, लंबित मामलों के कारणों की समयबद्ध पहचान कर उन्हें शीघ्रता से सुलझाया जाए तथा अपराधियों की अवैध संपत्ति पर कानूनी अधिकारों का उपयोग करते हुए कुर्की/जब्ती की जाए। साथ ही नशा तस्करी, संगठित अपराध और यातायात उल्लंघनों पर विशेष नजर रखी जाए और जनता की सुरक्षा व कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक हर कदम उठाया जाएगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments