
हल्द्वानी/देहरादून: बहुचर्चित सुखवंत सिंह आत्महत्या प्रकरण में विशेष जांच दल (SIT) ने अपनी जांच की रफ्तार तेज कर दी है। ऊधमसिंह नगर के थाना आईटीआई से जांच की शुरुआत करते हुए SIT ने केस डायरी और सभी महत्वपूर्ण अभिलेखों को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की संजीदगी को देखते हुए पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
SIT की टीम ने घटना में इस्तेमाल किए गए फायर आर्म (रिवॉल्वर) और मृतक के मोबाइल फोन को विस्तृत फॉरेंसिक जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) भेज दिया है। इसके साथ ही थाना काठगोदाम से पंचनामा रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का मिलान किया जा रहा है ताकि घटना की कड़ियां जोड़ी जा सकें।
मामले में सबसे महत्वपूर्ण साक्ष्य मृतक द्वारा भेजा गया वह ईमेल है, जिसमें स्थानीय रसूखदारों और कुछ पुलिस अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए गए थे। SIT की तकनीकी टीम इस ईमेल के हर शब्द और उसमें अंकित नामों का गहनता से परीक्षण कर रही है। आईजी एसटीएफ के नेतृत्व में गठित यह टीम अब कुमाऊं कमिश्नर द्वारा की जा रही मजिस्ट्रेट जांच के समांतर सभी कानूनी पहलुओं की जांच करेगी।
पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने स्पष्ट किया कि SIT प्रकरण से जुड़े हर साक्ष्य का वैज्ञानिक और गहनता से अध्ययन कर रही है। जांच के घेरे में आए सभी पहलुओं और व्यक्तियों की भूमिका की स्पष्टता के साथ समीक्षा की जाएगी ताकि पीड़ित पक्ष को न्याय मिल सके।

Recent Comments