सरकार की एक-एक इंच भूमि बचाने को प्रशासन प्रतिबद्ध
देहरादून । जिला प्रशासन ने सरकारी व वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी सविन बसंल के निर्देश पर उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी के नेतृत्व में राजस्व-वन विभाग की संयुक्त टीम ने बिष्ट गांव घंघोड़ा में अतिक्रमण ध्वस्त कर दिए।
जिले में अवैध प्लाटिंग, कब्जे व वन भूमि हड़पने के खिलाफ निरंतर अभियान चल रहा है। डीएम ने सभी विभागों को समन्वय से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं होगा। मिलीभगत पाए जाने पर अधिकारियों व दोषियों के खिलाफ कड़ी विभागीय-विधिक कार्रवाई होगी।
प्रभावित भूमि राजस्व अभिलेखों में खाता-खतौनी 254, खसरा 949(क) (1.3700 हेक्टेयर), खसरा 986 (0.1700 हेक्टेयर, जंगल-झाड़ी) व खसरा 949(क) (0.3700 हेक्टेयर, वन विभाग) है। इन पर अवैध निर्माण व रास्ता बनाया गया था, जिसे तत्काल ध्वस्त कर मुक्त कराया गया। पड़ोसी निजी भूमि पर प्लाटिंग की कोशिश में वन भूमि का दुरुपयोग पकड़ा गया। राजस्व, वन, नगर निगम व पुलिस के समन्वय से कार्रवाई हुई।


प्रशासन ने चेताया कि वन-सरकारी भूमि पर कब्जा, प्लाटिंग या निर्माण बर्दाश्त नहीं। सार्वजनिक हित व पर्यावरण संरक्षण प्राथमिकता है। जनता से भूमि खरीद-विक्रय से पूर्व अभिलेख जांच व अवैध गतिविधि की सूचना देने की अपील की गई है।

Recent Comments