देहरादून। वसंत पंचमी के पावन अवसर पर टिहरी रियासत के नरेंद्रनगर स्थित राजदरबार में शुक्रवार को चारधाम यात्रा-2026 की तिथियों की विधिवत घोषणा की गई। राजपुरोहितों और धर्माचार्यों की मौजूदगी में पंचांग गणना के बाद इस साल की यात्रा कार्यक्रम का ऐलान किया गया।
घोषणा के अनुसार, इस वर्ष चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल, 2026 को अक्षय तृतीया के पावन दिन होगा। इसी दिन यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे।
वहीं, बद्रीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल, 2026 को प्रातः 6 बजकर 15 मिनट के शुभ मुहूर्त में खुलेंगे। चतुर्थ केदार कहे जाने वाले रुद्रनाथ धाम के कपाट 18 मई, 2026 को दोपहर 12 बजकर 57 मिनट पर खोले जाएंगे। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा महाशिवरात्रि के दिन की जाएगी।
तिथियों की घोषणा के साथ ही प्रशासन और मंदिर समितियों ने यात्रा व्यवस्थाओं की तैयारियाँ तेज कर दी हैं। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, आवास और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए हैं। इस घोषणा से श्रद्धालुओं में अपार उत्साह का वातावरण है।

Recent Comments