भव्य परेड में सात प्लाटून ने दिखाया अनुशासन का अनुपम उदाहरण
पौड़ी। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर जनपद पौड़ी के ऐतिहासिक कंडोलिया मैदान में पौड़ी पुलिस द्वारा अत्यंत भव्य, सुव्यवस्थित और अनुशासनबद्ध परेड का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति, गौरव और उत्साह से परिपूर्ण इस समारोह ने उपस्थित जनसमूह को देशप्रेम की भावना से सराबोर कर दिया।
मुख्य अतिथि जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति भदौरिया ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर गणतंत्र दिवस परेड की विधिवत सलामी ली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने उनका स्वागत किया। सुसज्जित परेड का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने जवानों के उत्कृष्ट अनुशासन एवं समर्पण की सराहना की।
परेड में कुल सात सुसज्जित प्लाटून सम्मिलित रहे, जिनका अनुशासित संचालन समारोह का विशेष आकर्षण रहा। परेड की प्रथम कमांड का कुशल नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक संचार अनूप काला ने किया, जबकि द्वितीय कमांड प्लाटून कमांडर देवेंद्र कठैत एवं तृतीय कमांड अपर उपनिरीक्षक रमेश रावत ने प्रभावी रूप से संभाली। आर्म्ड पुलिस, नागरिक पुलिस, पीएसी, महिला पुलिस, जिला होमगार्ड्स, पीआरडी तथा एनसीसी बालक प्लाटून के जवानों ने सधे हुए कदमताल, ऊर्जावान अनुशासन और अद्भुत समन्वय के साथ मार्शल पब्लिक स्कूल श्रीनगर के बैंड की मधुर ध्वनि पर सलामी मंच के समक्ष शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। जवानों के जोश ने वातावरण को राष्ट्रप्रेम से भर दिया, जबकि दर्शक तालियों से उनका मनोबल बढ़ाते नजर आए।

सात प्लाटूनों की विस्तृत सूची इस प्रकार है:
1. आर्म्ड पुलिस प्लाटून – अपर उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह (कमांडर)
2. नागरिक पुलिस प्लाटून – अपर उपनिरीक्षक हरीश चंद्र पुरोहित (कमांडर)
3. पीएसी प्लाटून – अपर उपनिरीक्षक गोविंद सिंह (कमांडर)
4. महिला पुलिस प्लाटून – महिला उपनिरीक्षक लक्ष्मी सकलानी (कमांडर)
5. जिला होमगार्ड्स प्लाटून – प्लाटून कमांडर धर्म सिंह (कमांडर)
6. पीआरडी प्लाटून – अपर उपनिरीक्षक वीर सिंह (कमांडर)
7. एनसीसी बालक प्लाटून – अंडर ऑफिसर शिवम रावत (कमांडर)
परेड में पुलिस इंटरसेप्टर वाहन, पिंक यूनिट, गौरा शक्ति यूनिट, डायल-112, संचार वाहन, अग्निशमन बैक-पैक दस्ता तथा मार्शल पब्लिक स्कूल श्रीनगर के बैंड दस्ते की मधुर धुनों ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की। विभिन्न विभागों एवं निगमों द्वारा तैयार रंग-बिरंगी, सजीव एवं संदेशात्मक झांकियों ने दर्शकों को आकर्षित करते हुए जनकल्याण एवं विकास का प्रभावशाली संदेश दिया। सांस्कृतिक सत्र में स्कूली बच्चों एवं संस्कृति विभाग की टीम द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों एवं रंगारंग कार्यक्रमों ने वातावरण को देशप्रेम से सराबोर कर दिया। मंच संचालन निरीक्षक अभिसूचना सूर्य प्रकाश एवं निधि ने कुशलतापूर्वक निभाया।


अंत में जिलाधिकारी ने सम्बोधन में जनपद की समस्त जनता, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पत्रकारों को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माताओं का स्मरण करते हुए सभी से दायित्वों का निष्ठापूर्ण निर्वहन करने और भारत को सशक्त, समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के 12 उत्कृष्ट कर्मचारियों—उपनिरीक्षक रणजीत तोमर, उपनिरीक्षक अजय रमन, उपनिरीक्षक अनिल चौहान, उपनिरीक्षक विजय सैलानी, उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल, महिला उपनिरीक्षक भावना भट्ट, महिला उपनिरीक्षक दीक्षा सैनी, अपर उपनिरीक्षक आनंद खरोला, मुख्य आरक्षी प्रेम सिंह, आरक्षी पवन कुमार, आरक्षी मनोज कुमार, आरक्षी लोकेश गिरी—सहित अन्य विभागों के कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। झांकियों के लिए बाल विकास विभाग को प्रथम, ग्राम्य विकास को द्वितीय तथा वन विभाग को तृतीय स्थान मिला।
समारोह में विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी, पुलिस उपाधीक्षक सदर तुषार बोरा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेंद्र सिंह खाती, डॉ. रचित गर्ग, डॉ. मारिया पवार सहित अनेक गणमान्य अतिथि, वरिष्ठ अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे, जिसने कार्यक्रम की भव्यता को और बढ़ाया।


Recent Comments