देहरादून । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के सख्त निर्देशों पर दून पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग पर तेज रफ्तार और गलत दिशा से वाहन चलाने वाले दो स्कूटी चालकों के खिलाफ धारा 281 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।
27 जनवरी 2026 को फव्वारा चौक क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दो स्कूटियों को विपरीत दिशा से तेज गति से आते देखा और उन्हें रोक लिया। पूछताछ में चालकों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। इनके लापरवाह ड्राइविंग से आमजन की जान को खतरा पैदा हो रहा था, इसलिए दोनों स्कूटियों को मौके पर सीज कर मुकदमा संख्या 37/26 दर्ज किया गया।
एसएसपी ने सभी थानों को तेज गति, गलत दिशा और अन्य गंभीर उल्लंघनों पर सीधे बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। पहले एमवी एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई होती थी, लेकिन अब गंभीर मामलों में आपराधिक मुकदमा दर्ज होगा।
**अभियुक्तों का विवरण:**
– **कार्तिक शर्मा** पुत्र पवन कुमार शर्मा, निवासी फेरूपुर रामखेडा, धनपुरा पथरी, हरिद्वार। स्कूटी नंबर: UK-08-PD-8757।
– **शिव कुमार** पुत्र केदारनाथ, निवासी सिरमौर मार्ग, लोहारवाला कैंट। स्कूटी नंबर: UK-07-HN-0155।
पुलिस का कहना है कि ऐसी कार्रवाइयों से सड़क सुरक्षा मजबूत होगी और ‘सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा’ का मंत्र साकार होगा।

Recent Comments