देहरादून। मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर नारी निकेतन की संवासिनियों के लिए मंगलवार को विशेष पिकनिक आयोजित की गई। राजकीय महिला कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (नारी निकेतन), देहरादून की महिलाओं को क्रॉस रोड मॉल ले जाया गया, जहां उन्हें बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बॉर्डर-2’ दिखाई गई।
फिल्म के बाद स्थानीय होटल में स्नेहपूर्ण माहौल में लंच की व्यवस्था की गई। इस दौरान संवासिनियों के चेहरों पर खुशी, आत्मविश्वास और अपनत्व की भावना साफ झलक रही थी। कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, नारी निकेतन की अधीक्षिका सोनल राणा सहित केंद्र का अन्य स्टाफ मौजूद रहा, जिन्होंने आयोजन को सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण बनाया।

जिला प्रशासन का कहना है कि डीएम के नेतृत्व में नारी निकेतन की महिलाओं के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। ऐसे कार्यक्रमों का मकसद केवल मनोरंजन ही नहीं, बल्कि समाज की मुख्यधारा से जुड़ाव, आत्मसम्मान बढ़ाना और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना भी है।
जिलाधिकारी सविन बंसल का मानना है कि संरक्षण गृहों में रहने वाली महिलाओं को सम्मान, स्नेह और सामान्य सामाजिक माहौल मिले, तो उनका पुनर्वास अधिक प्रभावी होगा। प्रशासन इसी दिशा में आगे भी संवेदनशील पहल करता रहेगा।


Recent Comments