देहरादून। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिलाधिकारी सविन बंसल की विशेष पहल से देहरादून जिला प्रशासन ने सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा की ऐतिहासिक शुरुआत कर दी है। प्रोजेक्ट उत्कर्ष के तहत जनपद के 168 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में कुल 884 स्मार्ट टीवी स्थापित करने के लिए 3.67 करोड़ रुपये का वर्क ऑर्डर जारी हो गया है। जिला खनन निधि से वित्त पोषित इस योजना से सरकारी और निजी स्कूलों के बीच डिजिटल खाई पाटने की दिशा में बड़ा कदम उठा है।
इससे पहले जिला प्रशासन ने 5 करोड़ रुपये के सीएसआर फंड से सभी सरकारी स्कूलों को फर्नीचर से लैस किया था। अब स्मार्ट टीवी से कक्षाओं में ई-लर्निंग, दीक्षा पोर्टल, पीएमई विद्या, शैक्षिक वीडियो और वर्चुअल क्लासेस संभव होंगी। छोटे-मध्यम कक्षाओं के लिए 43 इंच और बड़े कक्षाओं के लिए 55 इंच के स्मार्ट टीवी खरीदे जा रहे हैं। जिला के 6 विकासखंडों के सभी स्कूलों में यह सुविधा समान रूप से उपलब्ध होगी, जिससे ग्रामीण-शहरी अंतर कम होगा और छात्रों की अवधारणात्मक समझ मजबूत बनेगी।

जैम पोर्टल पर ई-टेंडर से पारदर्शी प्रक्रिया अपनाई गई। देशभर की 12 फर्मों में से मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता वाली समिति ने न्यूनतम दर वाली फर्म चुनी और आपूर्ति-स्थापना का कार्यादेश जारी कर दिया। जिलाधिकारी सविन बंसल ने इसे शिक्षा आधुनिकीकरण का मील का पत्थर बताते हुए कहा कि प्रशासन छात्रों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने को प्रतिबद्ध है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप यह कदम शिक्षण को इंटरएक्टिव और प्रभावी बनाएगा।

Recent Comments