​देहरादून के रवि का कमाल: AI से लैस सुरक्षा और स्वास्थ्य समाधान ने दुनिया भर में बटोरी सुर्खियां

देहरादून / ऑकलैंड / सिंगापुर। देहरादून के सहसपुर क्षेत्र के मूल निवासी तथा वर्तमान में न्यूजीलैंड में निवास कर रहे डॉ. रवि शर्मा ने अपनी टीम के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सोमवार को NBR न्यू आईटी सिस्टम प्रा. लि. ने AI Brook (सिंगापुर) एवं JBIT इंजीनियरिंग कॉलेज, देहरादून के सहयोग से “इंटेलिवा डिटेक्टिव” नामक एक अत्याधुनिक AI आधारित वीडियो एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म तथा डिजिटल हेल्थ स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम का शुभारंभ किया।

उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. रवि शर्मा ने बताया कि यह AI आधारित वीडियो एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म कानून प्रवर्तन एजेंसियों, सुरक्षा संगठनों और कॉर्पोरेट सुरक्षा टीमों के लिए एक सुरक्षित, गोपनीयता-सचेत और किफायती समाधान प्रदान करता है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वीडियो डेटा उपयोगकर्ता की स्थानीय प्रणाली में ही सुरक्षित रहता है, जिससे डाटा सुरक्षा और गोपनीयता पूरी तरह सुनिश्चित होती है।

उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म की मदद से सैकड़ों कैमरों से प्राप्त वीडियो डाटा का विश्लेषण AI तकनीक के माध्यम से कुछ ही घंटों में किया जा सकता है, जबकि वर्तमान में इस प्रक्रिया में कई दिनों का समय लग जाता है। अपराध नियंत्रण और सुरक्षा से जुड़े क्षेत्रों में यह स्मार्ट सिस्टम अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो सकता है।

इसी अवसर पर NBR न्यू आईटी सिस्टम्स द्वारा एक इंटेलिजेंट वियरेबल-आधारित डिजिटल हेल्थ मॉनिटरिंग प्लेटफॉर्म भी प्रस्तुत किया गया, जो निरंतर स्वास्थ्य निगरानी के साथ-साथ प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली को और अधिक सशक्त बनाता है। यह प्लेटफॉर्म डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में एक नई दिशा देने की क्षमता रखता है।

​इस स्वदेशी तकनीक की सफलता ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के टेक-विशेषज्ञों का ध्यान आकर्षित किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह नवाचार न केवल लागत में किफायती है, बल्कि दक्षता के मामले में वैश्विक मानकों पर खरा उतरता है। रवि ने साबित कर दिया है कि छोटे शहरों के युवाओं में भी दुनिया की जटिल समस्याओं को सुलझाने का सामर्थ्य है।

कार्यक्रम में न्यूजीलैंड से कुश भार्गव एवं अरविंद बाबा, तथा गुजरात से आए पंकज बालियान भी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. रवि शर्मा और उनकी टीम न्यूजीलैंड में रहते हुए भी भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन कर रही है। AI, डिजिटल सुरक्षा और हेल्थ टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में यह पहल NBR न्यू आईटी सिस्टम्स की मजबूत और वैश्विक उपस्थिति को दर्शाती है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments