युवाओं को मिलेगी योजनाओं व उपलब्धियों की जानकारी
देहरादून। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय देहरादून द्वारा उत्तरांचल यूनिवर्सिटी, प्रेमनगर, देहरादून में 12 फरवरी 2026 से 14 फरवरी 2026 तक तीन दिवसीय चित्र प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में राष्ट्रीय महिला दिवस, राष्ट्रीय विज्ञान दिवस, रोजगार-शिक्षा, एक भारत श्रेष्ठ भारत, विकसित भारत, कौशल विकास तथा विकसित भारत गारंटी आजीविका मिशन जैसे राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर आधारित चित्रों के माध्यम से जन-जागरूकता बढ़ाई जाएगी। इसका उद्देश्य आम जनमानस, विशेषकर युवाओं और विद्यार्थियों को भारत सरकार की विभिन्न योजनाओं, उपलब्धियों और सामाजिक सरोकारों से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के तहत विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है। तीन दिवसीय आयोजन में विद्यार्थियों के लिए पोस्टर प्रतियोगिता, चित्रकला, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी सहित अन्य रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियां भी आयोजित होंगी, ताकि छात्रों में रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण की भावना को प्रोत्साहन मिल सके।
इसी क्रम में कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार को लेकर 10 फरवरी 2026 को देहरादून में एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता में केंद्रीय संचार ब्यूरो, देहरादून के कार्यक्रम प्रभारी एन.एस. नयाल ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य, विषय-वस्तु एवं प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी पत्रकारों को दी तथा आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं कवरेज के लिए मीडिया सहयोग का आग्रह किया। वार्ता में विभाग की ओर से प्रशासनिक अधिकारी धर्मपाल सहित गोपेश सिंह, आनंद सिंह, हेमंत कुमार, रतन सिंह और आजाद सिंह राणा भी उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार यह चित्र प्रदर्शनी सूचना प्रसार के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, विज्ञान, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और विकसित भारत की परिकल्पना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगी।

Recent Comments