हरिद्वार: कुंभ-2027 की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सीएम धामी

234 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों की समीक्षा के लिए हरिद्वार पहुंचे। कुंभ मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मेले के सफल आयोजन और शहर के दीर्घकालीन विकास के लिए 234.55 करोड़ रुपये की 34 प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

ये सभी कार्य स्थायी प्रकृति के हैं, जिनका उद्देश्य न केवल कुंभ मेले को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाना है, बल्कि हरिद्वार शहर के समग्र विकास को भी सुदृढ़ करना है। राज्य सरकार ने इन परियोजनाओं के लिए बजट स्वीकृत किया था, जिनका भूमिपूजन आज मुख्यमंत्री के करकमलों से संपन्न हुआ।

शिलान्यास की गई परियोजनाओं में सबसे अधिक ध्यान सड़क एवं परिवहन अवसंरचना पर केंद्रित रहा। इस सेक्टर के तहत 127.23 करोड़ रुपये की लागत से कुल 12 कार्य कराए जाएंगे। वहीं, घाट निर्माण एवं सिंचाई से जुड़ी अवसंरचना के लिए 70.54 करोड़ रुपये की 7 परियोजनाओं की मंजूरी दी गई है।

श्रद्धालुओं की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पेयजल एवं जल आपूर्ति के क्षेत्र में 18.11 करोड़ रुपये की 9 परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, श्रद्धालुओं की सुविधा एवं अन्य सहायक अवसंरचना के लिए 18.67 करोड़ रुपये की 6 परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया।

भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी सीसीआर भवन में ही कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो रहे हैं, जहां मेला क्षेत्र के विस्तार, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments