देहरादून: बेसिक शिक्षा निदेशालय के बाहर शनिवार को आंदोलनरत शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना पहुंचे और भाजपा विधायक द्वारा कथित तौर पर की गई मारपीट की घटना की कड़ी निंदा की।
धस्माना ने रायपुर विधायक उमेश कुमार शर्मा और उनके समर्थकों पर शिक्षा निदेशक अजय नौडियाल के साथ मारपीट और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया। उन्होंने इसे गुंडागर्दी की घटना बताते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि सत्ताधारी दल के विधायक और नेता खुलेआम इस तरह की हरकतें कर रहे हैं, ऐसे में प्रदेश में कानून व्यवस्था के सुधरने की कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने मांग की कि दोषी विधायक और उनके अराजक समर्थकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
श्री धस्माना ने बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की जानकारी कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल को दे दी है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आंदोलनरत शिक्षकों और कर्मचारियों के किसी भी निर्णय का पूरा समर्थन करने की घोषणा की है।

Recent Comments