नंबर एक पुल से खादर तक 3.12 करोड़ की लागत से बनेगी 3.7 किमी सड़क
विकासनगर/देहरादून। देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र अंतर्गत नवाबगढ़ के पुल नंबर 1 से खादर तक जाने वाली 3.7 किलोमीटर लंबी सड़क के सुधारीकरण एवं पुनर्निर्माण की स्वीकृति मिलने पर जन संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी का अभिनंदन किया, जिनके डेढ़ वर्षों के अथक प्रयासों के बाद यह स्वीकृति मिल पाई है।
रघुनाथ सिंह नेगी ने बताया कि सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए इस सड़क निर्माण हेतु 3.12 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की है। उन्होंने इसे मोर्चा कार्यकर्ताओं की बड़ी जीव बताते हुए कहा कि वर्ष 2024 के अंत में मोर्चा ने इस क्षतिग्रस्त सड़क के निर्माण को लेकर आंदोलन छेड़ा था।
नेगी ने बताया कि भारी वाहनों के आवागमन से यह सड़क इतनी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी कि उसमें दो-ढाई फीट तक गहरे गड्ढे हो गए थे, जिससे लोगों का पैदल चलना तक दूभर हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि नंबर एक पुल जौनसारी बस्ती के लोगों ने अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से सड़क निर्माण के लिए बहुत गुहार लगाई, लेकिन खनन के खेल में हाथ रंगे होने के कारण उन जनप्रतिनिधियों ने जनता की बात सुनना तक गवारा नहीं समझा। तब मोर्चा ने इस मुद्दे की बागडोर अपने हाथ में ली।
उन्होंने कहा, “जिसकी बात कोई नहीं सुनता, उसकी सिर्फ और सिर्फ मोर्चा ही सुनता है और न्याय दिलाता है।” नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री जी से 4-5 बार इस सड़क निर्माण हेतु धन स्वीकृत करने की दिशा में पत्रावली शीघ्र प्रस्तुत करने के आदेश निर्गत करवाए गए और पत्रावली को एक पटल से दूसरे पटल तक पहुंचाने में दिन-रात एक किया गया, जिसके परिणामस्वरूप यह स्वीकृति मिल पाई।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, हाजी असद, मनोज राय, अकरम सलमानी, महेंद्र भंडारी, अतुल हांडा, विनय गुप्ता, नरेंद्र तोमर, भीम सिंह बिष्ट, प्रमोद शर्मा, भजन सिंह नेगी, गोविंद सिंह नेगी, श्रवण गर्ग, सुशील भारद्वाज, नरेश ठाकुर, दिनेश राणा, सुरजीत सिंह, अंकुर चौरसिया, क्रिस्टीना, परवीन, सलीम मिर्जा, दिनेश गुप्ता, विजय गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Recent Comments