देहरादून।रंगों, उमंग और आपसी भाईचारे के प्रतीक होली के पावन पर्व को देहरादून में कांग्रेस सेवा दल ने अनूठे अंदाज में मनाया। आज कांग्रेस सेवा दल के कार्यालय में आयोजित एक विशेष होली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्रित हुए, जहाँ पारंपरिक रंग-गुलाल की जगह चंदन, फूल और अपनापन छाया रहा।
इस अवसर पर सभी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को चंदन का तिलक लगाया, फूलों की वर्षा की और गले मिलकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया। माहौल पूरी तरह से सद्भावना और उल्लास से सराबोर था, जहाँ किसी तरह के अबीर-गुलाल का प्रयोग नहीं किया गया, बल्कि सभी ने फूलों से होली खेलकर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस सेवा दल उत्तराखंड के अतिरिक्त मुख्य संगठक एवं उपाध्यक्ष मनमोहन शर्मा ने कहा, “होली का त्यौहार हमें केवल रंग लगाना ही नहीं सिखाता, बल्कि यह हमारे भीतर की बुराइयों, दुश्मनी और वैमनस्य को खत्म करने का भी पर्व है। यह त्यौहार 12 अलग-अलग रंगों की तरह है, जो समाज में अलग-अलग विचारधारा के लोगों को एक साथ मिलकर रहने की प्रेरणा देता है। हम सबने आज एक-दूसरे के साथ मिलकर सौहार्द बढ़ाने का काम किया है।”
वहीं, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लालचंद शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा, “होली सिर्फ रंगों का नहीं, बल्कि आपसी रिश्तों को मजबूत करने का पर्व है। हमें इसे पूरी खुशी और आपसी भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। आज का यह आयोजन इस बात का प्रतीक है कि हम सब एक परिवार हैं और हमें मिल-जुलकर समाज में शांति और प्रेम का माहौल बनाना है।”
इस होली मिलन समारोह में मुख्य रूप से कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता राजकुमार यादव, ललित थपलियाल, लालचंद शर्मा, मंजू मीणा, मदनलाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं और प्रदेश की खुशहाली एवं समृद्धि की कामना की। कार्यालय परिसर में आयोजित इस सादगी भरे लेकिन अपनेपन से भरे कार्यक्रम ने सभी के चेहरों पर मुस्कान बिखेर दी।

Recent Comments