उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस का SSP को ज्ञापन : फेसबुक पर फर्जी AI पोस्ट से छवि धूमिल करने वालों पर मुकदमा दर्ज हो 

15 दिन में कार्रवाई न होने पर पुलिस मुख्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमण्डल ने प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देहरादून से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर फर्जी AI-जनरेटेड पोस्टों के जरिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस तथा उसके वरिष्ठ नेताओं की छवि धूमिल किए जाने को गंभीर और चिंताजनक बताते हुए दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में प्रतिनिधिमण्डल ने एसएसपी को एक ज्ञापन भी सौंपा।

ज्ञापन में ज्योति रौतेला ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर कुछ पेज/ग्रुप—“धाकड़ धामी”, “वसूली अभियान मोर्चा”, “सनातनी धामी” और “धामी की धमक”—द्वारा निरंतर कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं की छवि को नुकसान पहुँचाने का सुनियोजित प्रयास किया जा रहा है। उनके अनुसार, इन पेजों के माध्यम से आपत्तिजनक, भ्रामक, तथ्यहीन और द्वेषपूर्ण सामग्री प्रसारित की जा रही है, जबकि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का दुरुपयोग कर झूठा, मनगढ़ंत एवं भ्रम फैलाने वाला कंटेंट तैयार किया जा रहा है। महिला कांग्रेस का आरोप है कि एक विशेष धर्म का सहारा लेकर पार्टी की प्रतिष्ठा पर आघात पहुँचाने की कोशिश की जा रही है, जो समाज में भ्रम, वैमनस्य और साम्प्रदायिक तनाव उत्पन्न कर सकती है तथा सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था के लिए घातक साबित हो सकती है।

महिला कांग्रेस ने यह भी कहा कि इसी तरह के कंटेंट के माध्यम से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल तथा पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की छवि को भी सोशल मीडिया पर धूमिल किया जा रहा है। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि इस संबंध में पूर्व में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, किंतु आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से असामाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ा है और वे ऐसी अवैधानिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं।

प्रदेश महिला अध्यक्ष ने मांग की कि संबंधित फेसबुक पेजों और उनसे जुड़े व्यक्तियों की शीघ्र, निष्पक्ष व गहन जांच कराई जाए और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 (IT Act) तथा भारतीय दंड संहिता (IPC) की सक्षम धाराओं के अंतर्गत शिकायत दर्ज करते हुए नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता को समझते हुए त्वरित और निष्पक्ष कदम उठाएगा।

महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि पार्टी के शिकायती पत्र पर 15 दिनों के भीतर उचित एवं प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती, तो प्रदेश महिला कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से पुलिस मुख्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

प्रतिनिधिमण्डल में प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, महासचिव निधि नेगी, चन्द्रकला नेगी सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे। 

यँहा देखें ज्ञापन

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments