झंडा आरोहण के दौरान यातायात प्रतिबंध, कई मार्गो पर वाहनों की एंट्री बंद

देहरादून श्री झण्डा जी आरोहण के दृष्टिगत रूट डायवर्जन प्लान जारी

8 मार्च 2026 को श्री झण्डा जी के आरोहण कार्यक्रम के दृष्टिगत शहर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। इस दौरान कुछ मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा तथा यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।

जारी यातायात प्लान के अनुसार बिन्दाल से तिलक रोड तथा तालाब की ओर सभी प्रकार के चौपहिया एवं दुपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। सहारनपुर चौक से दरबार साहिब की ओर किसी भी प्रकार का वाहन नहीं आने दिया जाएगा।

इसी प्रकार पीपल मण्डी चौक से हनुमान चौक/सहारनपुर चौक की ओर जाने वाले वाहनों को दर्शनी गेट के रास्ते भेजा जाएगा। कांवली रोड से गुरुराम राय स्कूल की ओर से भी किसी प्रकार का वाहन तालाब अथवा दरबार साहिब की ओर नहीं जा सकेगा।

बैण्ड बाजार की ओर से दरबार साहिब की तरफ आने वाले वाहनों का प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा। ऐसे वाहनों को तिलक रोड तथा मच्छी बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

श्री झण्डा जी आरोहण के अवसर पर सहारनपुर चौक, गऊ घाट तिराहा, दर्शनी गेट, पीपल मण्डी चौक, तालाब के चारों ओर तथा भण्डारी चौक (गुरुद्वारे की ओर आने वाले सभी मार्गों) पर बैरियर लगाकर चौपहिया वाहनों का झण्डा बाजार की ओर प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा।

यातायात का दबाव बढ़ने की स्थिति में निरंजनपुर मण्डी से सहारनपुर चौक तथा बल्लीवाला चौक से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले यातायात को आवश्यकतानुसार कमला पैलेस की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं लालपुल से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को निरंजनपुर मण्डी की ओर भेजा जाएगा।

यातायात पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं एवं स्थानीय निवासियों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें तथा यथासंभव दुपहिया वाहनों का प्रयोग करें, जिससे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस को सहयोग मिल सके।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments