गैरसैंण (चमोली)। उत्तराखंड विधानसभा के पांच दिवसीय बजट सत्र 2026 के दूसरे दिन मंगलवार को भी मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने जोरदार विरोध जताया। कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा भवन की सीढ़ियों पर धरना-प्रदर्शन किया और सत्र की अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
विधानसभा परिसर में धरने पर बैठे कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर आरोप लगाया कि मात्र 5 दिनों का सत्र रखकर महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दों जैसे बेरोजगारी, महंगाई, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और किसानों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा नहीं होने दी जा रही है। कांग्रेस ने मांग की है कि सत्र की अवधि बढ़ाई जाए ताकि सदन में सभी मुद्दों पर गहन बहस हो सके।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित अन्य विधायकों ने कहा, “सरकार सत्र को इतना छोटा रखकर जनता के सवालों से भाग रही है। हम सदन के साथ-साथ सड़कों पर भी आवाज उठाएंगे।” प्रदर्शन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष और मंत्रियों को किनारे से सदन में प्रवेश करना पड़ा, जिससे कुछ रोचक नजारे भी देखने को मिले।
सत्र के दूसरे दिन प्रश्नकाल चला, जिसमें विपक्ष ने कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की मांग की। सदन में 11 विधेयक पेश किए गए, लेकिन कांग्रेस के विरोध के कारण माहौल गरमाया रहा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधानसभा के बाहर जंगलचट्टी बैरियर पर भी हंगामा किया।
यह सत्र गैरसैंण की भराड़ीसैंण विधानसभा में चल रहा है, जहां सोमवार को पहले दिन ही राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान कांग्रेस ने वॉकआउट किया था और विरोध जताया था।

Recent Comments