देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस आरक्षी (नागरिक पुलिस/पीएसी) सीधी भर्ती-2025 में चयनित अभ्यर्थियों के लिए मंगलवार को पुलिस लाइन देहरादून में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून परमेंद्र सिंह डोभाल ने नागरिक पुलिस में चयनित 417 सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और पुलिस परिवार में उनके आगमन पर शुभकामनाएं दीं।
एसएसपी परमेंद्र सिंह डोभाल ने नवचयनित आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में पुलिस के सामने नई प्रकार की चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे में आमजन के बीच पुलिस की छवि को और मजबूत व भरोसेमंद बनाने के लिए प्रत्येक पुलिसकर्मी का शारीरिक रूप से सक्षम और मानसिक रूप से सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने इस लक्ष्य को प्राप्त करने में पुलिस प्रशिक्षण की भूमिका को निर्णायक बताया।
उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आगामी आधारभूत प्रशिक्षण के दौरान जो भी अनुशासन, तकनीकी दक्षता, व्यवहार कौशल और ड्यूटी से जुड़े पाठ सिखाए जाएंगे, उन्हें पूरी लगन और मनोयोग के साथ सीखें तथा भविष्य में कर्तव्य निर्वहन के दौरान उनका पालन करें।
कार्यक्रम के समापन पर एसएसपी देहरादून ने सभी चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और सेवा भाव के साथ कार्य करने का संदेश दिया।

Recent Comments