पौड़ी/सूचना । जनपद में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और किसानों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में टाटा ट्रस्ट के उपक्रम ‘हिमोत्थान सोसायटी’ और विभिन्न रेखीय विभागों की जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि केवल उत्पादन बढ़ाना काफी नहीं है, बल्कि किसानों को खेत से बाजार तक (मार्केट लिंकेज) की सीधी सुविधा देना सरकार की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने अधिकारियों और हिमोत्थान सोसायटी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि मोटे अनाजों और स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने जनपद में ‘कोल्ड स्टोरेज’ की स्थापना की संभावनाओं को तलाशने पर विशेष जोर दिया, ताकि फल और सब्जियों जैसे जल्दी खराब होने वाले उत्पादों को सुरक्षित रखकर किसान बेहतर दाम प्राप्त कर सकें। डीएम ने कहा, “किसी भी नई पहल को पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू करें और सफलता मिलने पर उसे पूरे जनपद में विस्तार दें।”
समन्वय को धरातल पर उतारने के लिए जिलाधिकारी ने हिमोत्थान सोसायटी को निर्देश दिए कि वे चयनित 266 राजस्व गांवों की सूची संबंधित विभागों के साथ साझा करें। उन्होंने उद्यान, कृषि, पशुपालन, जल संस्थान और शिक्षा विभाग को हिमोत्थान के साथ मिलकर ‘संयुक्त कार्ययोजना’ तैयार करने को कहा, ताकि बजट और संसाधनों का सही मेल (कन्वर्जेंस) हो सके और योजनाएं किसी एक क्षेत्र में केंद्रित होने के बजाय व्यापक प्रभाव डाल सकें।
बैठक में नवाचारों पर चर्चा करते हुए प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव ने सामुदायिक स्तर पर लीसा (रेजिन) निकासी के जरिए ग्रामीणों की आय बढ़ाने का सुझाव दिया। साथ ही, उन्होंने ‘कम्युनिटी काउशेड’ (सामुदायिक गौशाला) की अवधारणा पेश की, जिससे दुधारू पशुओं को जंगली जानवरों के हमलों से बचाया जा सके। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने भी स्वयं सहायता समूहों को उत्पादन से विपणन तक की श्रृंखला में जोड़ने की आवश्यकता जताई।
हिमोत्थान सोसायटी के डॉ. राजेंद्र कोश्यारी ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से बताया कि संस्था वर्तमान में जनपद में कृषि, कौशल विकास, पशुधन, शिक्षा, पेयजल और स्वच्छता जैसे छह प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित होकर कार्य कर रही है। विशेषकर दालों, मोटे अनाज और सब्जी उत्पादन के जरिए स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, डीएफओ महातिम यादव, जिला शिक्षाधिकारी रणजीत सिंह नेगी, सीवीओ डॉ. विशाल शर्मा, बीडीओ दृष्टि आनंद सहित समाज कल्याण और पंचायती राज विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व हिमोत्थान सोसायटी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Recent Comments