निर्धारित समय के बाद खुले बार-रेस्टोरेंट पर दून पुलिस का शिकंजा, दो संचालकों पर मुकदमा

देहरादून । देर रात तक खुले रहने वाले बार और रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ देहरादून पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान निर्धारित समयावधि के बाद भी अपने प्रतिष्ठानों में ग्राहकों को शराब परोस रहे दो बार संचालकों के खिलाफ अभियोग दर्ज किया गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले 11 लोगों को गिरफ्तार कर उनके वाहनों को सीज किया गया, जबकि देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मिले तीन व्यक्तियों को 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर थाने लाया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में रात्रि के समय हुड़दंग करने वालों तथा निर्धारित समय सीमा के बाद बार और रेस्टोरेंट खोलने वाले प्रतिष्ठान संचालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में 30 मार्च 2026 की रात पुलिस अधीक्षक नगर, पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश, पुलिस अधीक्षक विकासनगर और पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में संबंधित क्षेत्राधिकारियों के साथ अलग-अलग पुलिस टीमों ने नगर क्षेत्र, विशेष रूप से राजपुर क्षेत्र और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने क्षेत्र के पब, बार और रेस्टोरेंट्स की गहन जांच की। इस दौरान सभी बार और रेस्टोरेंट संचालकों को निर्धारित समयावधि के बाद प्रतिष्ठान बंद रखने तथा नियमों का उल्लंघन न करने की सख्त हिदायत दी गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान में समय सीमा के बाद शराब परोसते या अन्य नियमों का उल्लंघन करते हुए पाया गया तो संबंधित संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

चेकिंग के दौरान राजपुर क्षेत्र में दो प्रतिष्ठानों—पिरामिड बार तथा नुक्कड़ बार एंड रेस्टोरेंट—में निर्धारित समयावधि के बाद भी लोगों को शराब पिलाई जाती मिली। इस पर पुलिस ने दोनों बार संचालकों के खिलाफ धारा 223/270 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया। पुलिस की इस कार्रवाई से देर रात नियमों की अनदेखी कर व्यवसाय संचालित करने वाले प्रतिष्ठान संचालकों में हड़कंप मच गया।

इसी अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। रात्रि चेकिंग में शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए 11 वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहनों को भी सीज कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह आमजन की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।

इसके अलावा देर रात बार और रेस्टोरेंट में शराब पीते मिले तीन व्यक्तियों को पुलिस ने 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक शांति, कानून व्यवस्था और रात्रिकालीन अनुशासन बनाए रखने के लिए ऐसे व्यक्तियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

देहरादून पुलिस का कहना है कि एसएसपी के निर्देश पर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि तय समय के बाद बार-रेस्टोरेंट चलाने, हुड़दंग करने, नियमों की अनदेखी करने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments