सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों से लेकर ड्रंक एंड ड्राइव, सत्यापन में लापरवाही और हुड़दंगी तत्वों पर कसा शिकंजा; 67 वाहन सीज, 8 गिरफ्तार, लाखों का जुर्माना
देहरादून। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशों पर पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत देहरादून पुलिस ने बुधवार को शहर से लेकर देहात तक व्यापक और सघन अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों, शांति व्यवस्था भंग करने वाले तत्वों, शराब पीकर वाहन चलाने वालों, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों तथा सत्यापन नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ चौतरफा कार्रवाई की।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल के सख्त निर्देशों पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधीक्षक नगर एवं देहात के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने सीमावर्ती चेक पोस्टों, आंतरिक मार्गों, भीड़भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों तथा संवेदनशील इलाकों में अचानक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान जनपद में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों और वाहनों की बारीकी से जांच की गई, वहीं संदिग्ध रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ कर उनके सत्यापन संबंधी विवरण भी जुटाए गए।
अभियान के दौरान दून पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर कड़ा रुख अपनाते हुए 143 वाहन चालकों के मोटर व्हीकल एक्ट में चालान कर 86 हजार रुपये जुर्माना वसूला। इसके अलावा 157 वाहन चालकों के चालान न्यायालय भेजे गए, जबकि गंभीर उल्लंघनों के चलते 67 वाहनों को सीज किया गया। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले 8 वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया, जिससे साफ संकेत गया कि सड़क सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सिर्फ यातायात नियमों तक ही नहीं, पुलिस ने सार्वजनिक शांति और अनुशासन भंग करने वालों पर भी सख्ती दिखाई। अभियान के दौरान 149 संदिग्ध व्यक्तियों का पुलिस एक्ट में चालान किया गया और उनसे 39,750 रुपये संयोजन शुल्क वसूला गया। वहीं अपने प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों और किरायेदारों का सत्यापन न कराने वाले लोगों के खिलाफ भी पुलिस ने कड़ा एक्शन लेते हुए 30 व्यक्तियों के विरुद्ध 83 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर 3 लाख रुपये का जुर्माना लगाया।
ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने छात्र-छात्राओं के नाम पर चल रही अव्यवस्था, अनुशासनहीनता और संभावित आपराधिक गतिविधियों पर भी कड़ा संदेश दिया। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित पीजी और हॉस्टलों में आकस्मिक चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने संचालकों से वहां रहने वाले छात्र-छात्राओं का पूरा रिकॉर्ड मांगा और उन्हें निर्देश दिया कि सभी निवासियों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराया जाए। साथ ही प्रतिष्ठानों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने, बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश से पहले सत्यापन करने और आने-जाने वालों का पूरा ब्यौरा सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने पीजी और हॉस्टल संचालकों को यह भी स्पष्ट हिदायत दी कि उनके यहां रहने वाले छात्र-छात्राओं के लिए रात्रि 10 बजे तक प्रवेश की समयसीमा निर्धारित की जाए। पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग, नशाखोरी, अनावश्यक रात में घूमना या किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने साफ चेतावनी दी कि ऐसी किसी शिकायत या संलिप्तता की स्थिति में संबंधित छात्र या छात्रा के साथ-साथ प्रतिष्ठान संचालक के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान का एक अहम हिस्सा सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम शराब पीने और पिलाने वालों के खिलाफ भी रहा। थाना राजपुर और थाना प्रेमनगर क्षेत्र में पुलिस ने विशेष कार्रवाई करते हुए सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले 70 व्यक्तियों को पुलिस बस सेवा के माध्यम से थाने लाया, जहां उनके विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए भविष्य के लिए कड़ी चेतावनी दी गई। पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, हुड़दंग और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले कृत्यों पर अब तत्काल और सख्त कार्रवाई होगी।
दून पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई को कानून व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, सार्वजनिक अनुशासन और छात्रावास/पीजी संस्कृति में नियंत्रण के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अपराधियों, हुड़दंगियों, नियम तोड़ने वालों तथा सत्यापन नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

– ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस की शहर से देहात तक व्यापक चेकिंग
– 143 वाहनों के चालान, 86 हजार रुपये जुर्माना
– 157 चालान न्यायालय भेजे गए
– 67 वाहन सीज
– शराब पीकर वाहन चलाने वाले 8 चालक गिरफ्तार
– 149 संदिग्ध व्यक्तियों का पुलिस एक्ट में चालान, 39,750 रुपये संयोजन शुल्क
– सत्यापन न कराने पर 30 व्यक्तियों पर 3 लाख रुपये जुर्माना
– पीजी/हॉस्टलों में आकस्मिक चेकिंग, सीसीटीवी और सत्यापन के निर्देश
– सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले 70 लोग थाने लाए गए
– हुड़दंगी छात्रों और नियम तोड़ने वालों को सख्त चेतावनी


Recent Comments