देहरादून। शहर के तेजी से विकसित हो रहे लाडपुर इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना रायपुर पुलिस ने रिंग रोड स्थित ‘डेटिंग प्वाइंट रेस्टोरेंट’ में बिना लाइसेंस के अवैध रूप से शराब पिलाने और पीने के मामले में रेस्टोरेंट के दो संचालकों समेत कुल 20 लोगों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक देहात प्रथम और क्षेत्राधिकारी रायपुर/डोईवाला के पर्यवेक्षण में थाना रायपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रेस्टोरेंट पर छापा मारा।

मौके पर पुलिस ने रेस्टोरेंट के दो संचालकों – विजेंद्र सिंह साजवान (47) और किशन सिंह (50) को गिरफ्तार किया। दोनों दून हिल कॉलोनी, रिंग रोड के निवासी हैं। इसके अलावा, रेस्टोरेंट में शराब पीते हुए 18 अन्य व्यक्ति भी पाए गए, जिन्हें धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने मौके से ब्लेंडर प्राइड और बीयर की कुल 6 बोतलें बरामद की हैं। रेस्टोरेंट संचालकों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

थाना रायपुर पुलिस का कहना है कि अवैध शराब पिलाने और पीने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई से लाडपुर क्षेत्र के अन्य अवैध संचालकों में हड़कंप मच गया है।

Recent Comments