लालपुर में STF का बड़ा प्रहार: 40 लाख की हेरोइन संग महिला तस्कर गिरफ्तार

किच्छा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई में 133 ग्राम हेरोइन बरामद, हल्द्वानी तक सप्लाई नेटवर्क का खुलासा

देहरादून/किच्छा । उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊं यूनिट ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना किच्छा के लालपुर चौकी क्षेत्र में किच्छा पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर 133 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इस कार्रवाई में एक शातिर महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जो पिछले काफी समय से हेरोइन की तस्करी में सक्रिय बताई जा रही थी। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देश पर राज्य एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रदेशभर में नशे के कारोबार पर कड़ी निगरानी रखे हुए है। इसी क्रम में किच्छा क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह संयुक्त ऑपरेशन अंजाम दिया गया।

गिरफ्तार महिला की पहचान सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दों कौर (42 वर्ष), पत्नी वसीम सिंह, निवासी टिब्बा लालपुर, किच्छा, उधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पूछताछ में महिला ने खुलासा किया कि वह लालपुर निवासी जसवंत सिंह नामक व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर लाती थी और फिर उसे ऊंचे दामों पर बेचती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि वह पिछले करीब डेढ़ साल से स्मैक तस्करी में लिप्त थी। किच्छा, रुद्रपुर, आसपास के इलाकों और यहां तक कि हल्द्वानी तक उसके नेटवर्क के तार जुड़े हुए थे।

पुलिस के अनुसार, अभियुक्ता पहले भी कच्ची शराब के मामले में जेल जा चुकी है। बरामदगी में 133 ग्राम हेरोइन के साथ एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। मामले में अब सप्लाई चैन से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

इस कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नार्कोटिक्स टीम से निरीक्षक पावन स्वरुप, एसआई विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और आरक्षी इसरार अहमद शामिल रहे। वहीं किच्छा कोतवाली पुलिस टीम में निरीक्षक प्रकाश दानू, एसआई बसंत प्रसाद, कांस्टेबल विजय नाथ, कांस्टेबल मदन रावत और महिला कांस्टेबल गीता ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments