देहरादून। राजधानी में ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत चल रही सघन चेकिंग के दौरान बीती रात एक रईसजादे की कार का कहर देखने को मिला। हरियाणा नंबर की कार से पुलिसकर्मी और एक स्थानीय नागरिक को रौंदकर भाग रहे चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भागने के प्रयास में अभियुक्तों की कार बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इधर, घायल सिपाही का हाल जानने खुद एसएसपी अस्पताल पहुँचे और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
घटनाक्रम के अनुसार, 7 अप्रैल की देर रात्रि विकासनगर पुलिस डाकपत्थर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक काले रंग की संदिग्ध कार (HR-87-P-6040) तेजी से आती दिखी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गति और बढ़ा दी। कंट्रोल रूम की सूचना पर जब विकासनगर पुलिस ने कैनाल रोड पर कार को घेरा, तो आरोपियों ने दुस्साहस की सारी हदें पार कर दीं।
कार चालक ने वाहन को तेजी से बैक करते हुए सरकारी गाड़ी को टक्कर मारी और ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल लोकेंद्र के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। सिपाही को बचाने आए एक स्थानीय नागरिक को भी कार ने अपनी चपेट में ले लिया। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने मुख्य मार्ग छोड़कर मोहल्लों की तंग गलियों का सहारा लिया। लेकिन दून पुलिस की चारों तरफ से घेराबंदी देख आरोपी घबरा गए। शहर की ओर भागते समय बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर भीषण हादसे का शिकार हो गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने चालक गौरव चौधरी को घायल अवस्था में सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य तीन साथी—साहिल, आयुष, अंशुल और प्रियांशु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मेडिकल जांच में सभी के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।

घटना में गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल लोकेंद्र को तत्काल लेहमन अस्पताल से महंत इंद्रेश अस्पताल रेफर किया गया। बुधवार को एसएसपी देहरादून ने खुद अस्पताल पहुँचकर घायल जवान की कुशलक्षेम पूछी। उन्होंने डॉक्टरों से वार्ता कर बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने विकासनगर निवासी साहिल (20 वर्ष), आयुष (24 वर्ष), अंशुल चौहान (21 वर्ष) और प्रियांशु (21 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। मुख्य अभियुक्त गौरव चौधरी अस्पताल में उपचाराधीन है। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में बीएनएस (BNS) की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

एसएसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता या जानलेवा हमला करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने नशे की हालत में न केवल कानून तोड़ा, बल्कि आम लोगों की जान भी जोखिम में डाली है।

Recent Comments