14 अप्रैल के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अधिकारियों को दिए चाक-चौबंद व्यवस्था के निर्देश
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए आशारोड़ी से गढ़ीकैंट तक पूरे मार्ग को 13 जोन में विभाजित किया गया है, जहां जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरे रूट पर हजारों की संख्या में आमजन स्वैच्छिक रूप से शामिल हो सकते हैं।
गुरुवार को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में जिलाधिकारी सविन बंसल ने सभी जोनल, सेक्टर और नोडल अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के भ्रमण मार्ग पर पेयजल, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बैरिकेडिंग, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था जैसी सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रहनी चाहिए। डीएम ने विशेष रूप से सुरक्षा इंतजामों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
मुख्य कार्यक्रम स्थल गढ़ीकैंट स्थित महेंद्र ग्राउंड में भी प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। यहां आमजन के बैठने के लिए पंडाल, वाहनों की पार्किंग, पेयजल, सूक्ष्म जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद स्थित गणेशपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे का लोकार्पण करेंगे। इसके मद्देनजर देहरादून में प्रस्तावित भ्रमण मार्ग को विशेष रूप से सजाया-संवारा जा रहा है। प्रशासन ने यह भी तय किया है कि चिन्हित स्थलों पर सांस्कृतिक दलों और लोक वाद्य यंत्रों के माध्यम से उत्तराखंड की स्थानीय संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई जाएगी।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नमामि बंसल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त प्रवीण कुमार, संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान, उप जिलाधिकारी सदर हरिगिरि, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, डीडीओ सुनील कुमार, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह सहित सभी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट और विभिन्न व्यवस्थाओं से जुड़े नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।

Recent Comments