देहरादून । ऑपरेशन प्रहार के तहत दून पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रही एक बांग्लादेशी महिला को ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार महिला फर्जी भारतीय दस्तावेज बनाकर अपनी पहचान छिपाकर रह रही थी।
स्थानीय अभिसूचना इकाई से मिली गोपनीय सूचना पर एसएसपी देहरादून के निर्देश में गठित संयुक्त पुलिस टीम ने नटराज चौक क्षेत्र में डग रोड स्थित गेट नंबर-03 के पास संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रीना उर्फ रीता, निवासी सरियातपुर, ढाका (बांग्लादेश) बताया।
पुलिस जांच में सामने आया कि महिला करीब एक माह पूर्व अवैध रूप से बॉर्डर पार कर भारत आई थी। उसे रिपोन नामक व्यक्ति ने सोशल मीडिया के जरिए भारत में रोजगार का झांसा दिया था। महिला के पास से फर्जी भारतीय आधार कार्ड, बांग्लादेश का राष्ट्रीय पहचान पत्र, नागरिकता प्रमाण पत्र की छायाप्रति और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार महिला ने पश्चिम बंगाल से फर्जी कागजात तैयार कराए थे, ताकि खुद को भारतीय नागरिक दिखा सके। उसके खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में बीएनएस, पासपोर्ट अधिनियम और विदेशी/आव्रजन अधिनियम की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। फर्जी दस्तावेज तैयार कराने में मदद करने वाले अन्य लोग भी पुलिस के रडार पर हैं।

Recent Comments