जनता मिलन बना भरोसे का मंच, मुख्य विकास अधिकारी ने दिए समयबद्ध निस्तारण के कड़े निर्देश

पौड़ी। मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 10 शिकायतों पर सुनवाई की गयी। मुख्य विकास अधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा समस्याओं के समाधान के प्रति तत्परता दिखायी। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही प्रभावी निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनता मिलन कार्यक्रम में पूर्व में दर्ज शिकायतों की समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि विगत सोमवार तक दर्ज कुल 405 शिकायतों में से 381 का प्रभावी निस्तारण किया जा चुका है, जबकि शेष 24 मांग एवं नीति आधारित प्रकरणों को आगामी कार्ययोजनाओं में शामिल कर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

सोमवार को जनता दर्शन कार्यक्रम में विकासखंड कल्जीखाल के गुठिंडा क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय डबराल ने कल्जीखाल बाजार में आवारा पशुओं की समस्या उठाते हुए उन्हें गौसदन में स्थानांतरित करने की मांग की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी एवं एएमए जिला पंचायत को बाजार में घूम रहे पशुओं का चिन्हीकरण कर उन्हें गौसदन भेजने के निर्देश दिए।

ग्राम कुंडी, विकासखंड कोट की आरती देवी ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की, जिस पर खंड विकास अधिकारी कोट को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एमआईसी रोड, पौड़ी निवासी लक्ष्मी देवी ने गैस कनेक्शन न मिलने की समस्या बतायी। इस पर जिला पूर्ति अधिकारी ने जानकारी दी कि वर्तमान में नए गैस कनेक्शनों के वितरण पर रोक है, जबकि 5 किलो का छोटा कनेक्शन उपलब्ध है। साथ ही एलपीजी बुकिंग एवं केवाईसी से संबंधित शिकायतों पर मुख्य विकास अधिकारी ने गैस एजेंसियों को अतिरिक्त काउंटर स्थापित करने तथा नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि अनावश्यक भीड़ न लगे।

कठूड बड़कोट क्षेत्र से प्राप्त शिकायत में डांडा नागराजा पंपिंग योजना की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने पर अधीक्षण अभियंता जल संस्थान को शीघ्र मरम्मत के निर्देश दिए गए। वहीं गडोली गांव में पेयजल आपूर्ति बाधित होने पर जल निगम एवं जल संस्थान को संयुक्त निरीक्षण कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

गडोली वार्ड नंबर 11 के ग्रामीणों ने बुवाखाल बायपास मोटर मार्ग पर झाड़ियां हटाने, बेंच एवं सोलर लाइट लगाने तथा सड़क का डामरीकरण कराने की मांग रखी। इस पर नगर पालिका एवं संबंधित कार्यदायी संस्था को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिशासी अधिकारी नगर पालिका ने अवगत कराया कि प्रस्ताव बोर्ड बैठक में पारित कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराया जाएगा।

इसके अतिरिक्त जल संस्थान की पंपिंग योजना के ठेका श्रमिकों को हटाने की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रकरण की जांच उप जिलाधिकारी स्तर पर प्रचलित है तथा शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अन्य पेयजल शिकायतों पर उन्होंने निर्देशित किया कि सभी गांवों में घर-घर पेयजल कनेक्शन सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही संबंधित कर्मचारियों को अपने कार्यक्षेत्र में सक्रिय रहने तथा घंडियाल सीएचसी में एक सप्ताह के भीतर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य विकास अधिकारी ने वन, माध्यमिक शिक्षा, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पेयजल निगम, शहरी विकास, पुलिस एवं खाद्य विभाग को शिकायतों के निस्तारण में विशेष फोकस करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान सीएम हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की गयी। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा कर लंबित शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक शिकायत पर संबंधित अधिकारी स्वयं निगरानी रखें तथा किसी भी स्थिति में फोर्स क्लोजर न किया जाए। साथ ही सभी अधिकारियों को अपनी आईडी नियमित रूप से लॉगइन कर प्रकरणों का निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला, अधीक्षण अभियंता जल संसाधन प्रवीण सैनी, अधिशासी अभियंता जल निगम नवनीत कटारिया, एसडीओ वन विभाग आयशा बिष्ट, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी, ईओ नगर पालिका संजय कुमार, एसडीओ विद्युत गोविंद सिंह, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, सीडीपीओ आशा रावत, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments