बधाई देते हुए बोले- ‘सफलता आपके परिश्रम और अनुशासन का परिणाम’
देहरादून।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को राज्य के उन मेधावी विद्यार्थियों को विशेष सम्मान दिया, जिन्होंने उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद्, रामनगर (नैनीताल) द्वारा घोषित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में शीर्ष स्थान प्राप्त किए। मुख्यमंत्री ने सभी टॉपर्स से दूरभाष पर सीधा संवाद कर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने सबसे पहले हाईस्कूल परीक्षा में शीर्ष स्थान पाने वाले चार विद्यार्थियों से फोन पर बात की। इनमें प्रदेश में क्रमशः पहले स्थान पर रहे एम.पी. हिन्दू इंटर कॉलेज, रामनगर (नैनीताल) के अक्षत गोपाल, दूसरे स्थान पर रहे एस.वी.एम. इंटर कॉलेज, चिन्यालीसौड़ (उत्तरकाशी) के इशांत कोठारी, तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली जी.बी. पंत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, खैरना (नैनीताल) की भूमिका तथा विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मंडलसेरा (बागेश्वर) के योगेश जोशी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने सभी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसी क्रम में सीएम धामी ने इंटरमीडिएट (कक्षा 12) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों से भी बातचीत की, जिनमें सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर की गीतिका पंत, भंजूराम अमर इंटर कॉलेज, भूरारानी (उधमसिंह नगर) की सुशीला मेंदीरत्ता, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, आवास विकास ऋषिकेश के आर्यन तथा सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, मायापुर (हरिद्वार) की वंशिका शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन सभी प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को बधाई दी और उनके साथ हौसला अफजाई की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा प्राप्त यह उपलब्धि उनके कठोर परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण का प्रत्यक्ष परिणाम है। उन्होंने कहा कि इस सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान को भी नहीं भूलना चाहिए। सीएम ने कहा, “शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग के बिना इस स्तर की सफलता हासिल करना संभव नहीं है। मैं सभी शिक्षकों और अभिभावकों का भी हार्दिक अभिनंदन करता हूं।”
मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए प्रेरित किया कि वे अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर निरंतर आगे बढ़ें। उन्होंने कहा, “आप इस प्रदेश और देश के भविष्य हैं। आपकी सफलता से पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन होगा।” सीएम ने विद्यार्थियों से राज्य एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान भी किया।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेधावी विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि वे अपने सपनों को साकार कर सकें और उत्तराखंड को शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श राज्य बना सकें।
मुख्यमंत्री के इस कदम को प्रदेश के शिक्षा जगत और अभिभावकों ने काफी सराहा है, जहां उन्होंने बिना किसी औपचारिक समारोह के सीधे विद्यार्थियों को संबोधित कर उनके उत्साहवर्धन का काम किया।

Recent Comments