देहरादून। भारत में पहली बार आयोजित वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्रोबेटिक डांसेज़ एंड डांस स्पोर्ट्स (WFADS) एशियन चैंपियनशिप कप 2026 में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का दमखम दिखाया। 8 मई को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत समेत कई देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
वर्ल्ड फेडरेशन ऑफ एक्रोबेटिक डांसेज़ एंड डांस स्पोर्ट्स (WFADS) द्वारा नेशनल फेडरेशन ऑफ एक्रोबेटिक्स एंड डांस स्पोर्ट इंडिया (NFADI) के सहयोग से आयोजित इस चैंपियनशिप ने भारत में एक्रोबेटिक रॉक एंड रोल और एक्रो स्विंग जैसे रोमांचक डांस स्पोर्ट्स की नई शुरुआत की। प्रतियोगिता में खेल कौशल और कलात्मक अभिव्यक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में मंत्री आशीष सूद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं मंथन जिम्नास्टिक्स अकादमी से गौरव और खुशबू ने विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में भाजपा पंजाब के उपाध्यक्ष बिक्रमजीत सिंह चीमा, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पंजाब विधानसभा के पूर्व सदस्य एच.एस. फूलका तथा मनोज सेठी भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
चैंपियनशिप से पहले 4 से 7 मई तक मंथन जिम्नास्टिक्स अकादमी में एशिया ट्रेनिंग एवं इंडिया नेशनल्स सिलेक्शन कैंप का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण शिविर में विश्वप्रसिद्ध प्रशिक्षकों स्वेतलाना गवरिलोवा, अलेक्सी गवरिलोव, ओल्गा स्बिटनेवा, इवान युदिन, इगोर विंकोविक और एलेक्स डेली ने भारतीय खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड, महाराष्ट्र, झारखंड, राजस्थान, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश सहित देशभर से 120 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। वहीं कज़ाखस्तान, किर्गिस्तान, रूस, मंगोलिया, वियतनाम, चीन और भारत सहित विभिन्न देशों के करीब 100 अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को रोमांचित किया।
आयोजकों के अनुसार यह पहल भारत में डांस स्पोर्ट्स को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अप्रैल 2026 में गठित नेशनल ट्रस्ट ऑफ एक्रोबेटिक डांसेज़ एंड स्पोर्ट्स डेवलपमेंट (इंडिया) देशभर में ग्रासरूट स्तर पर प्रशिक्षण और खिलाड़ियों के दीर्घकालिक विकास पर कार्य करेगा, जबकि NFADI वैश्विक WFADS मानकों के अनुरूप आधिकारिक संचालन संस्था के रूप में कार्य करेगी।
NFADI के अध्यक्ष जस्मीत के. शान ने कहा कि यह आयोजन भारत को वैश्विक डांस स्पोर्ट्स के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। WFADS के वाइस प्रेसिडेंट ओउमी सेने ने भारत में मौजूद प्रतिभा और ऊर्जा की सराहना करते हुए इसे एशिया में डांस स्पोर्ट्स विस्तार के लिए महत्वपूर्ण बताया।
विजेता श्रेणियां
रॉक एंड रोल फॉर्मेशन विमेन : झास्तार (कज़ाखस्तान)
रॉक एंड रोल ए क्लास एडल्ट्स : एंथतुर चिंगून एवं शानीना एकातेरिना (मंगोलिया)
रॉक एंड रोल बी क्लास एडल्ट्स : याशानोव किरिल एवं दोस्सालियेवा आयाना (कज़ाखस्तान)
एक्रो स्विंग एडल्ट्स : समीर कुमार एवं प्रियांशी माथुर (भारत)

Recent Comments