भीषण गर्मी का अलर्ट: उत्तराखण्ड के मैदानी जिलों में 40 डिग्री पार करेगा तापमान, प्रशासन सतर्क

देहरादून। भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून द्वारा जारी ताज़ा पूर्वानुमान के अनुसार उत्तराखण्ड के मैदानी क्षेत्रों में आगामी दिनों में तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। विशेष रूप से हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहने की संभावना जताई गई है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सभी जिलों के लिए एडवाइजरी जारी कर दी है और संबंधित विभागों व जिला प्रशासन को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पूर्वानुमान के अनुसार 18 मई को हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, चम्पावत और अल्मोड़ा में यह 30 से 35 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। 19 मई को हरिद्वार में तापमान 40 डिग्री से अधिक पहुंच सकता है, वहीं अन्य मैदानी और कुछ पर्वतीय जिलों में तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

20 मई को भी हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहने की संभावना है, जबकि देहरादून, नैनीताल और पौड़ी गढ़वाल में 35 से 40 डिग्री तथा अन्य पर्वतीय क्षेत्रों में 30 से 35 डिग्री के बीच तापमान रहने का पूर्वानुमान है। 21 और 22 मई को भी यही स्थिति बने रहने की संभावना व्यक्त की गई है।

SEOC ने सभी जिलों को निर्देशित किया है कि आमजन को गर्मी से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। स्वास्थ्य विभाग को हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और गर्मी से जुड़ी बीमारियों से निपटने के लिए अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके अलावा पेयजल आपूर्ति और विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, निर्माण स्थलों और बाहरी कार्यों में लगे श्रमिकों के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों जैसे संवेदनशील वर्गों के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments