
हत्या, चोरी, नकबजनी और नशा तस्करी के मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई, कई आरोपी गिरफ्तार; फरार बदमाशों के घर तक पहुंची पुलिस
देहरादून । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस लगातार अपराधियों पर शिकंजा कस रही है। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हत्या, वाहन चोरी, नकबजनी, जानलेवा हमला और नशा तस्करी जैसे गंभीर मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि फरार चल रहे इनामी अपराधियों के खिलाफ कुर्की जैसी सख्त कार्रवाई भी अमल में लाई गई। पुलिस की इस मुहिम ने अपराधियों में खौफ और आमजन में भरोसा पैदा किया है।
पटेलनगर थाना क्षेत्र में हुई लाखों रुपये की नकबजनी की घटना का खुलासा करते हुए पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी अभिषेक साहनी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 50 पानी की टोंटियां बरामद हुईं, जबकि उसकी निशानदेही पर पूर्व में हुई चोरी का भारी मात्रा में सामान भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी अन्य चोरी की घटनाओं में भी वांछित चल रहा था।
वहीं सहसपुर क्षेत्र में पुराने विवाद के चलते पड़ोसी पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी कार्तिक को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह पुरानी रंजिश के कारण अपने पड़ोसी महेन्द्र की हत्या की नीयत से ‘पाठल’ लेकर पहले से घात लगाए बैठा था। मौका मिलते ही उसने हमला कर दिया, जिसमें महेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ भी पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। ऋषिकेश में एक आरोपी को 5.81 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं विकासनगर क्षेत्र में अवैध शराब और कच्ची शराब की तस्करी में संलिप्त तीन लोगों, जिनमें एक महिला भी शामिल है, को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 52 पाउच देसी शराब और 10 लीटर कच्ची शराब बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में से एक आरोपी पूर्व में भी शराब तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है।
बसंत विहार थाना क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर शुभम को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपी ने कबूला कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
कोतवाली नगर पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए स्कूटी चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी विशाल चौधरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की गई एक्टिवा स्कूटी बरामद कर ली है। मामले के खुलासे में सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की अहम भूमिका रही।
इधर बहुचर्चित विक्रम शर्मा हत्याकांड में भी दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लाख रुपये के इनामी फरार आरोपी आकाश कुमार प्रसाद के झारखंड स्थित घर की कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। इस हत्याकांड में पुलिस पूर्व में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि शेष फरार अपराधियों के खिलाफ भी जल्द कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की जा रही लगातार कार्रवाई से साफ है कि दून पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है। हत्या, चोरी, नशा तस्करी और संगठित अपराध के मामलों में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है।

Recent Comments